Rajasthan: दिवाली में मनाई होली, उर्दू पैराटीचर्स ने जलाई परमानेंट करने वाले नोटिफिकेशन की प्रतियां
उर्दू पैराटीचर्स का कहना है कि सीएम ने घोषणा कि है कि सभी संविदा कर्मियों को नियमित कर दिया गया है लेकिन यह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का झूठा वादा है। अगर हमारी मांगे नहीं मानी गई तो आगे भी विरोध किया जाएगा।
विस्तार
दिवाली के दिन सीकर में उर्दू पैराटीचर्स ने होली मनाई। आक्रोशित पैराटीचर्स ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के संविदा कर्मियों को परमानेंट करने वाले नोटिफिकेशन की प्रतियों की होली जलाई। उर्दू पैराटीचर्स की मांग है कि सरकार जल्द इस नोटिफिकेशन में संशोधन करे।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार गहलोत सरकार ने 21 अक्टूबर को संविदा कर्मियों को नियमित करने के लिए नोटिफिकेशन जारी किया। ऐसे में उर्दू पैराटीचर्स का कहना है कि सीएम ने घोषणा कि है कि सभी संविदा कर्मियों को नियमित कर दिया गया है लेकिन यह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का झूठा वादा है। संविदाकर्मियों की क्वालिफिकेशन को गौण कर दिया गया है।
उर्दू पैराटीचर्स संघ के अध्यक्ष रफीक ने कहा कि नोटिफिकेशन के अनुसार वेतन भी केवल 10400 किया गया है। संविदा कर्मी पिछले 20 साल से ज्यादा की नौकरी कर चुके हैं लेकिन गहलोत सरकार के इस नोटिफिकेशन के मुताबिक उनकी सेवाओं को शून्य कर दिया गया है। नोटिफिकेशन जारी होने वाले दिन से ही उनकी नौकरी मानी जा रही है। रफीक ने कहा कि इस घोषणा के विरोध में ही हमने आज नोटिफिकेशन की प्रतियों की होली जलाई है। हमारी मांगें नहीं मानी गई तो हम लगातार विरोध जताते रहेंगे।