स्कूल बस का कंडक्टर डराकर करता रहा बच्ची से रेप
राजस्थान के जयपुर में एक छह वर्षीय बच्ची से बलात्कार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मासूम से बलात्कार करने वाला उसकी स्कूल बस का कंडक्टर था जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बच्ची से दुष्कर्म का यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा था जिस पर मासूम ने बेहद दर्द सहने के बाद अपना मुंह खोला।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार शहर के भानकरोटा क्षेत्र में एक स्कूल बस पर चलने वाले कंडक्टर ने यह घिनौना काम किया। जहां एक स्कूल बस से एक बच्ची रोज स्कूल जाती थी।
स्कूल प्रबंधन ने बुलाए सभी कंडक्टर, बच्ची ने की शिनाख्त
इसी दौरान एक कंडक्टर ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया और उससे बलात्कार किया। आरोपी ने उसे मुंह न खोलने की भी धमकी दी। इसके चलते बच्ची पिछले एक महीने से परेशान चल रही थी। स्कूल जाने के नाम पर भी वह आनाकानी करती।
बुधवार को उसकी मां ने उससे पूछा तो उसने अपनी दुर्दशा बयां की जिसे सुनकर उनके होश उड़ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसके परिजनों ने इस संबंध में स्कूल प्रबंधन को इसकी सूचना दी।
इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने स्कूल में लगी सभी बसों के कंडक्टरों को बुलवाया जिनमें से बच्ची ने आरोपी कंडक्टर की शिनाख्त कर ली। आरोपी राहुल ढांका को बच्ची से बलात्कार के आरोपों के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।