राजस्थान: अवैध बजरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कांस्टेबल को मारी टक्कर, पैर के ऊपर से निकला पहिया; महिला भी घायल
सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा थाना क्षेत्र में अवैध बजरी से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश कर रहे कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह को चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया।
विस्तार
राजस्थान में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई कर रही पुलिस टीम पर हमले का एक और मामला सामने आया है। सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा थाना क्षेत्र में अवैध बजरी ले जा रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश करना एक कांस्टेबल को भारी पड़ गया। चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और कांस्टेबल को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान सड़क किनारे मवेशियों के लिए चारा लेकर जा रही 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर घायल हो गईं।
रोकने का इशारा किया तो चालक ने बढ़ा दी रफ्तार
पुलिस के अनुसार चौथ का बरवाड़ा थाने के कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह मंगलवार सुबह अन्य पुलिसकर्मियों के साथ गश्त से लौट रहे थे। करीब नौ बजे पुलिस टीम भेडोला रोड पर पहुंची। इसी दौरान चौथ का बरवाड़ा की ओर से एक संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में आती दिखाई दी।कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि चालक ने वाहन की गति कम करने के बजाय उसे और तेज कर दिया और कांस्टेबल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सुरेंद्र सिंह सड़क पर गिर पड़े और ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया उनके पैर के ऊपर से निकल गया। इसी दौरान सड़क किनारे अपने मवेशियों के लिए चारा लेकर जा रहीं 85 वर्षीय जूमी भी वाहन की चपेट में आ गईं। हादसे में वह भी घायल हो गईं।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार
घटना के तुरंत बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को चौथ का बरवाड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया। चौथ का बरवाड़ा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि कांस्टेबल को कुचलने का प्रयास करने के साथ ही अवैध बजरी खनन और परिवहन के संबंध में मामला दर्ज किया गया है। फरार चालक की तलाश में पुलिस की टीमें आसपास के इलाकों में लगातार दबिश दे रही हैं।
चंबल क्षेत्र में अवैध बजरी खनन पर सुप्रीम कोर्ट सख्त
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब चंबल नदी क्षेत्र में अवैध बजरी खनन को लेकर सुप्रीम कोर्ट सख्त रुख अपना रहा है। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ कर रही है। अदालत ने हाल ही में राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सरकार को चंबल क्षेत्र में अवैध खनन रोकने से जुड़े निर्देशों का पालन करने और उसकी अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है।
प्रतापगढ़ में वन अधिकारी की मौत का मामला भी उठा
सुनवाई के दौरान राजस्थान सरकार ने प्रतापगढ़ में अवैध खनन रोकने के दौरान 21 सितंबर की रात डंपर की टक्कर से मारे गए वन क्षेत्राधिकारी प्रताप सिंह चुंडावत के मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी सुप्रीम कोर्ट में पेश की। चंबल क्षेत्र में अवैध बजरी खनन को लेकर लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच सवाई माधोपुर की यह वारदात पुलिस और खनन माफिया के बीच बढ़ते टकराव को भी सामने लाती है।