सलमान आरोपी या नहीं, फैसला आज
फिल्म अभिनेता सलमान खान के खिलाफ अवैध हथियार रखने के आरोपों को लेकर जोधपुर की निचली अदालत में बृहस्पतिवार को अंतिम सुनवाई होगी। इसके बाद ही सलमान खान पर इस मामले में आरोप तय किए जाएंगे।
इधर, हाईकोर्ट ने बुधवार को मुंबई पुलिस के तत्कालीन उपायुक्त दलवीर भारती को बतौर गवाह बुलाने की सलमान खान की अर्जी खारिज कर दी। हाईकोर्ट ने इस मामले की सुनवाई कर रही निचली अदालत को निर्देश दिए हैं कि सलमान खाने के पास रहे हथियारों को लेकर तत्कालीन उपायुक्त की ओर से जारी नोटिसों को रिकॉर्ड पर लेकर सुनवाई करे।
ये है मामला
फिल्म हम साथ-साथ हैं, की शूटिंग के दौरान १-२ अक्टूबर १९९८ की रात में कांकाणी गांव की सरहद पर दो काले हिरणों का शिकार हुआ था। इसमें सलमान सहित अन्य फिल्म अभिनेताओं को आरोपी बनाया गया था। इस दौरान सलमान के खिलाफ अवैध हथियार रखने का भी मामला दर्ज किया गया था।
मुंबई पुलिस के तत्कालीन उपायुक्त दलवीर भारती को गवाह के रूप में बुलाने की अर्जी निचली अदालत द्वारा खारिज करने के बाद सलमान ने हाईकोर्ट का दरवाया खटखटाया था।