राजसमंद: दो हिस्ट्रीशीटरों ने युवक को लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला, पुरानी रंजिश में हत्या; आरोपी डिटेन
राजस्थान के राजसमंद जिले में राजनगर और कांकरोली सीमा पर स्थित सुलूस रोड पर बुधवार शाम पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या कर दी गई। दो हिस्ट्रीशीटरों दिलशान और इलियास ने चारभुजा थाना क्षेत्र निवासी सुरेंद्र सिंह पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विस्तार
राजस्थान के राजसमंद जिले में आपसी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। राजनगर और कांकरोली थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित सुलूस रोड पर बुधवार देर शाम दो हिस्ट्रीशीटरों ने एक युवक पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को डिटेन कर लिया। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी आपसी रंजिश बताई जा रही है।
पुरानी रंजिश में युवक पर लाठियों से किया हमला
डीएसपी नेत्रपाल सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान चारभुजा थाना क्षेत्र निवासी सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी आपसी रंजिश मुख्य कारण मानी जा रही है। वारदात में शामिल आरोपी दिलशान और इलियास राजनगर तथा कांकरोली क्षेत्र के चिह्नित हिस्ट्रीशीटर हैं।
घटना बुधवार शाम करीब सात बजे राजनगर थाना सर्किल के सुलूस रोड पर हुई। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों ने सुरेंद्र सिंह को निशाना बनाते हुए लाठियों से लगातार वार किए। हमले में गंभीर चोटें लगने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, जुटाए साक्ष्य
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और टीम घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी पूरी की गई। पुलिस ने मृतक सुरेंद्र सिंह के शव को कब्जे में लेकर राजसमंद जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। शव का पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी प्रक्रिया नियमानुसार की जाएगी।
दोनों हिस्ट्रीशीटर आरोपी डिटेन, पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी दिलशान और इलियास को डिटेन कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह, पुरानी रंजिश और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।