Rajasthan Weather Update: प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में आज बरसेंगे बादल, ऑरेंज अलर्ट जारी
जयपुर और कोटा में लगातार बारिश से जीवन अस्तव्यस्त हो गया है। वहीं अधिक बारिश के कारण कोटा बैराज का गेट खोला गया है। वहीं अजमेर, नागौर जिले में कहीं-कहीं तेज बारिश होने के संभावना है।
विस्तार
मानसून का असर प्रदेश के सभी जिलों में दिखाई दे रहा है। शनिवार को जयपुर, बूंदी, कोटा में जमकर बारिश हुई। वहीं मौसम विभाग ने रविवार को भी प्रदेश के 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, अजमेर, सीकर, जोधपुर, भीलवाड़ा, पाली, नागौर, सवाईमाधोपुर, दौसा, टोंक, बूंदी, कोटा, बारां, बीकानेर, जैसलमेर और आसपास के क्षेत्रों मे कहीं-कहीं पर मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के साथ बारिश होगी। वहीं अजमेर, नागौर जिले में कहीं-कहीं तेज बारिश होने के संभावना है। आगामी चार-पांच दिनों तक बारिश का असर रहेगा।
राजधानी जयपुर में शुक्रवार से ही कभी भारी बारिश तो कभी रिमझम बारिश का दौर जारी है। जिससे जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। सड़कों पर कारें तैरती नजर आईं। जयपुर में हो रही बारिश का असर बीसलपुर बांध में दिखाई दे रही है। बीसलपुर बांध में पानी की अवाक बढ़ रही है। इसी प्रकार शनिवार को कोटा में भी भारी बारिश हुई। जिसके कारण बांधों में पानी की आवक बढ़ी और इस कारण कोटा बैराज बांध के तीन गेट खोलकर 14952 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसी तरह झालावाड़ जिले में कालीसिंध के दो गेट खोलकर 11840 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।