{"_id":"6506709d325eaf99170a643e","slug":"rajasthan-shekhawat-said-parle-ji-in-the-house-of-the-poor-and-gold-biscuits-in-the-house-of-the-corrupt-2023-09-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan: डीडवाना पहुंची भाजपा की यात्रा; शेखावत बोले- गरीब के घर पारले जी और भ्रष्ट के घर सोने के बिस्किट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan: डीडवाना पहुंची भाजपा की यात्रा; शेखावत बोले- गरीब के घर पारले जी और भ्रष्ट के घर सोने के बिस्किट
Sun, 17 Sep 2023 08:51 AM IST
लोकेंद्र सिंह चंपावत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, डीडवाना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, डीडवाना
Published by: लोकेंद्र सिंह चंपावत
Updated Sun, 17 Sep 2023 08:51 AM IST
सार
राजस्थान के डीडवाना में भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा पहुंची है। जिसमें केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र शेखावत ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि गरीब के बेटे को पारले जी का बिस्किट और भ्रष्टाचारियों के घर सोने के बिस्कुट निकलते हैं।
विज्ञापन
भाजपा की परिवर्तन यात्रा में जमकर बरसे जलशक्ति मंत्री शेखावत
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
डीडवाना में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भ्रष्टाचार पर अशोक गहलोत सरकार को घेरते हुए कहा कि राजस्थान में गरीब आदमी के बेटे को पारले जी का बिस्किट मिलता है। वहीं, भ्रष्टाचारियों के घर में सोने के बिस्कुट निकलते हैं। राजस्थान में गरीब आदमी घर बनाने के लिए ईंट नहीं खरीद सकता है, जबकि भ्रष्टाचारियों के घर से सोने की ईंटें निकलती हैं। भ्रष्टाचार की राजधानी बनाने का पाप करने वाली कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकना है।
विज्ञापन
शनिवार रात भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा की जनसभा में शेखावत ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार पूरी ईमानदारी के साथ काम करती है। प्रत्यक्ष रूप से लोगों तक लाभ पहुंच सके, उसके लिए काम करती है। दूसरी तरफ राजस्थान में माइनिंग, जल जीवन मिशन, पट्टे देने, थानों, पटवारी से लेकर ऊपर तक भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमने कभी कल्पना की थी कि सचिवालय के पास योजना भवन की अलमारी में करीब एक किलो सोना और ढाई करोड़ रुपये कैश मिलेंगे। मुख्यमंत्री जी रोज कहते हैं कि ईडी और सीबीआई चुनाव लड़ती है, लेकिन आपने केस दर्ज किया, उसकी जांच ईडी ने प्रारंभ की। उस यूआईटी घोटाले में 12.5 किलो से ज्यादा सोना जब्त हो चुका है। शेखावत ने कहा कि राजस्थान का भ्रष्टाचार की राजधानी बनाने का पाप करने वाली इस सरकार को उखाड़ फेंकना है।
विज्ञापन
शेखावत बोले- प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट
कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान को गहलोत सरकार ने अपराध की राजधानी बनकर खड़ा कर दिया है। डीडवाना में 10-15 दिन पहले किस तरह के हालात थे। आपके पड़ोस में दलित युवकों की गाड़ियों से रौंदकर निर्मम हत्या कर दी गई। परिवार के लोग आठ दिन तक सड़क पर संघर्ष कर रहे थे। उनका क्या दोष था? वे तो गरीब थे। राजस्थान में गैंगवार में पिछले पौने पांच साल में सात हजार निर्दोष लोगों की हत्या हो चुकी है। राजस्थान में 19 रेप के मुकदमे प्रतिदिन दर्ज हो रहे हैं। रेप के मुकदमों पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कभी कहते हैं कि हम मुकदमे ज्यादा दर्ज करते हैं। कभी कहते हैं कि रिश्तेदार रेप करते हैं। इनके वरिष्ठ मंत्री धारीवाल सदन में कहते हैं कि राजस्थान मर्दों का प्रदेश है, इसलिए रेप ज्यादा होते हैं। शेखावत ने पूछा, ऐसी सरकार का हिसाब-किताब बराबर करना है कि नहीं करना।
विज्ञापन
शेखावत का आरोप- जल शक्ति में खर्च किए गए रुपयों में राज्य सरकार ने भष्ट्रचार किया
जल जीवन मिशन का जिक्र करते हुए शेखावत ने कहा कि इस सरकार के पास आउटडेटेड मोबाइल देने के लिए पैसे हैं, लेकिन माता-बहनों के सिर से मटके का बोझ उतरे, उसके लिए पैसे नहीं हैं। मैंने जल जीवन मिशन के लिए 30 हजार करोड़ रुपये दिलवाए। लेकिन उसमें से ये 8000 करोड़ रुपये भी खर्च नहीं कर पाए। इसमें भी जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। लेकिन मैं आपको वादा करता हूं कि वर्ष 2024 के अंत तक देश का हर ग्रामीण घर नल से जल से जुड़ जाएगा। राजस्थान की एक भी माता, एक भी बेटी, एक भी बहन को घर से मटकी उठाकर पानी लेने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। शेखावत ने पेपरलीक और युवाओं के बेरोजगारी भत्ते पर भी सरकार को घेरा।
शेखावत बोले- राजस्थान में सनातन विरोधी ताकते नहीं रहने देंगे
इंडी एलायंस के सहयोगी दलों द्वारा सनातन संस्कृति पर हमला करने पर शेखावत ने कहा कि सनातन की हमारे पूर्वजों ने रक्षा की। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं से पूछा कि तुम सनातन को हराना चाहते हो तो सनातन को मिटाकर क्या लाओगे? क्या देश का इस्लामीकारण और ईसाईकरण करना चाहते हो? शेखावत ने जनता से पूछा कि ऐसा सपना देखने वालों के सपनों को हम पूरा करने देंगे क्या? उन्होंने कहा कि राजस्थान में सनातन विरोधी ताकतों को हटाने के संकल्प के साथ हमें परिवर्तन लाना है।