राजस्थान के गवर्नर हाउस में बलात्कार, कर्मचारी पर केस!
राजस्थान के गर्वनर हाउस में रेप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां काम करने वाली महिला कर्मचारी से उसका साथी झांसा देकर लगातार रेप करता रहा। मामले में जयपुर के सोडाला पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज कराया गया है। हालांकि मामला कई साल पुराना बताया जा रहा है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार पुलिस ने बताया कि महिला गर्वनर हाउस में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है, अपनी शिकायत में उसने बताया कि 3 जनवरी 2013 को आरोपी उसके स्टाफ क्वार्टर में आया और उसे कुछ मिठाइयां खाने को दी। जिसे खाते ही वह बेहोशी की हालत में पहुंच गई, आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उससे बलात्कार किया।
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी सतपाल सिंह ने बताया कि आरोपी ने उसका एक वीडियो क्लिप भी बनाया है जिसे दिखाकर वह लगातार उससे सावर्जनिक करने की धमकी देकर बलात्कार करता रहा। आरोपी ने मुंह खोलने पर उसे इंटरनेट पर डालने की धमकी भी दी।
आरोपी गर्वनर हाउस में ही स्टोर इंचार्ज के पद पर तैनात
महिला के अनुसार आरोपी गर्वनर हाउस में स्टोर इंचार्ज के पद पर तैनात है। आरोपी इस साल उसे जबरन माउंट आबू के सर्किट हाउस ले गया, जहां उससे लगातार तीन दिनों तक बलात्कार करता रहा। आरोप है कि इस साल अप्रैल में आरोपी फिर उसके स्टाफ क्वार्टर पर आया और उसकी मासूम बेटी से भी बलात्कार करने का प्रयास किया।
महिला ने इस मामले में स्पेशल कोर्ट और एससी एसटी अदालत में मुकदमा दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि उसने इस मामले में गर्वनर हाउस के अधिकारियों से भी शिकायत की थी लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद उसे कोर्ट का सहारा लेना पड़ा। महिला की शिकायत पर कोर्ट ने साडाला पुलिस थाने को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए।