Jodhpur Violence: गृह राज्य मंत्री ने कहा-घटना दुर्भाग्यपूर्ण, अधिकारियों की लापरवाही सामने आई तो होगी कार्रवाई
गृह राज्य मंत्री राजेश यादव ने जोधपुर हिंसा को लेकर कहा कि ये समय आरोप-प्रत्यारोप का नहीं है। सभी का उद्देश्य जोधपुर में शांति बहाल करना है।
विस्तार
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देश के बाद गृह राज्य मंत्री राजेश यादव जोधपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बताया कि जोधपुर उपद्रव में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारियों का दौर जारी है। हमने घायलों से मुलाकात की है। उनके उचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि हिंसा में करीब 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। मामले को लेकर सीएम अशोक गहलोत की ओर से कमेटी गठित की गई। कमेटी के सदस्य गृह राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह यादव, प्रभारी मंत्री सुभाष गर्ग और मंत्री बीडी कल्ला ने शहर के भीतरी इलाकों का दौरा किया। प्रभारी मंत्री ने मथुरादास माथुर अस्पताल और महात्मा गांधी अस्पताल जाकर घायलों के हालात जाने। इसके बाद सर्किट हाउस में गृह राज्य मंत्री ने प्रेस वार्ता की। जिसमें उन्होंने कहा कि अगर मामले में किसी भी अधिकारी की लापरवाही सामने आई, उसके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।
मंत्रियों ने यह माना कि उनके पास अभी तक बहुत कम इनपुट है। हमने घायलों से मुलाकात की है। उनके उपचार के निर्देश दे दिए हैं। कर्फ्यू ग्रस्त इलाकों में लोगों को परेशानी नहीं हो, इसको लेकर व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दिन यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।
आरोप-प्रत्यारोप का ये समय नहीं
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने करौली की घटना के बाद कहा था कि भाजपा चुनाव मूड में है। क्या आप मानते हैं कि जोधपुर में भी यह बात लागू होती है। इस पर गृहराज्य मंत्री ने कहा कि यह आरोप-प्रत्यारोप का समय नहीं है। हम सभी का उद्देश्य शहर में दोबारा शांति और अमन चैन की स्थापना करना है।
एडीजी क्राइम ने कहा-करेंगे शांति समिति की बैठक
एडीजी क्राइम राजस्थान हवा सिंह घुमरिया को भी मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जोधपुर भेजा था। एडीजी क्राइम ने बताया कि जोधपुर में स्थिति सामन्य है। किसी निर्दोष को पुलिस टच नहीं करेगी, अगर कोई निर्दोष आ भी गया तो पूरे साक्ष्य जांच कर ही करवाई होगी।
हवा सिंह घुमरिया ने यह भी कहा कि कोई कितना भी रसूख वाला क्यों ना हो अगर दोषी है तो बक्शा नहीं जाएगा। जोधपुर में अभी शांति समिति की बैठक करेंगे। जिसमें जोधपुर के सभी प्रबुद्ध जन और मंत्री, जो जयपुर से आए हैं, उनको लेकर भी बातचीत होगी कि आगे किस प्रकार से कर्फ्यू को आगे बढ़ाया जाए और आगे क्या करें।