Rajasthan Crime: कॉलेज जा रही छात्रा को प्रेमी ने चाकू से गोदा, बाइक छोड़कर भागने लगा तो लोगों ने दबोचा
Churu Crime News: डीएसपी ने बताया कि हरिपुरा गांव निवासी पूजा कॉलेज प्रैक्टिकल देने जा रही थी। इसी दौरान विकास बाइक से पहुंचा और अचानक चाकू निकालकर युवती के गले पर वार कर दिए। हमले में युवती बुरी तरह घायल हो गई। पढ़ें पूरी खबर...।
विस्तार
चूरू जिले के तारानगर कस्बे में शनिवार को कानून-व्यवस्था को चुनौती देती हुई बड़ी वारदात सामने आई। पंचायत समिति कार्यालय के पास कॉलेज प्रैक्टिकल देने जा रही 22 वर्षीय छात्रा पर उसके प्रेमी ने बाइक से आकर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में घायल छात्रा को तारानगर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्रेम प्रसंग में बिगड़े रिश्ते बने हमले की वजह
डीएसपी रोहित सांखला ने बताया कि हरिपुरा गांव निवासी पूजा कॉलेज प्रैक्टिकल देने जा रही थी। इसी दौरान भलाऊ का निवासी विकास बाइक से पहुंचा और अचानक चाकू निकालकर युवती के गले पर वार कर दिए। हमले में युवती बुरी तरह घायल हो गई।

घटना की जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले 5-6 वर्षों से प्रेम संबंध थे, लेकिन हाल ही में उनके बीच कहासुनी हो गई थी। इसी बात से नाराज होकर युवक ने यह खतरनाक कदम उठाया।

डीएसपी रोहित सांखला
यह भी पढ़ें- Jaipur News: जेल की 27 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार हुए दो कैदी, तलाश में जुटी पुलिस और जेल प्रशासन
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जुटा रही सबूत
घटना की सूचना मिलते ही तारानगर पुलिस और डीएसपी रोहित सांखला मौके पर पहुंचे। आरोपी युवक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से सुराग जुटाए गए। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
अस्पताल में उमड़ी भीड़, कस्बे में दहशत का माहौल
घटना की खबर फैलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई। शिक्षा नगरी कहे जाने वाले तारानगर में इस तरह दिनदहाड़े हुई वारदात ने लोगों को दहला दिया। आमजन में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं और भय का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: पीएम मोदी की यात्रा पर रोत-राठौड़ आमने-सामने, 'कुलपति इतिहास का अध्यन करें', बोले BJP अध्यक्ष