Rajasthan: सांसदी बहाली के बाद राहुल गांधी की कल मानगढ़ धाम में सभा, आदिवासी धार्मिक स्थल पर होगी बड़ी घोषणा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्य बहाली के बाद पहली बड़ी जनसभा राजस्थान के आदिवासी बाहुल्य बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम में होने जा रही है। सीएम अशोक गहलोत और पीसीसी चीफ डोटासरा के साथ राहुल इस सभा से प्रदेश में विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के उपलक्ष्य में राहुल गांधी की सभा पहले से तय थी। कांग्रेस में जोश उस वक्त बढ़ गया, जब राहुल गांधी की संसद सदस्यता सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बहाल हो गई। दोगुने जोश और उत्साह से कांग्रेस पार्टी के नेता-कार्यकर्ता अब धूमधाम से मानगढ़ धाम में होने वाली विशाल जनसभा में राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता की बहाली को आदिवासियों के बीच सेलिब्रेट करेंगे। इस सभा में राहुल गांधी और अशोक गहलोत आदिवासी समाज के लिए बड़ी घोषणा भी करेंगे। राज्य सरकार मानगढ़ धाम के विकास और आदिवासी कल्याण से जुड़ी बड़ी सौगात इस सभा में दे सकती है। जिसकी घोषणा खुद सीएम अशोक गहलोत करेंगे।
पीएम मोदी की जनसभा से कई गुणा ज्यादा भीड़ जुटाने की तैयारी
राहुल गांधी की इस सभा को सफल बनाने और शक्ति प्रदर्शन करने के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। कई समितियों का गठन कर कंट्रोल रूम बनाया गया है। राहुल गांधी और सीएम अशोक गहलोत का 9 अगस्त की दोपहर में मानगढ़ जनसभा में पहुंचने का कार्यक्रम है। मानगढ़ धाम पर सभा की तैयारियों जोर-शोर से जारी हैं। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, राष्ट्रीय सचिव और सह प्रभारी काज़ी निजामुद्दीन, अमृता धवन, वीरेंद्र सिंह राठौड़, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, सीएम ओएसडी लोकेश शर्मा समेत कई नेता-पदाधिकारी बांसवाड़ा में डेरा डाले हुए हैं। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी भी मंगलवार को बांसवाड़ा दौरे पर हैं। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि अब तक की पीएम मोदी की सभी सभाओं में जितनी भीड़ नहीं जुटी उतनी राहुल की एक सभा जुटेगी।
पुलिस-प्रशासन विशेष रूप से अलर्ट
मानगढ़ में राहुल गांधी की जनसभा को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस अलर्ट है। जनसभा में लाखों लोगों की भीड़ के मद्देनजर 1400 से ज्यादा पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात रहेंगे। 30 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 40 डीएसपी रैंक के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। 250 सीआई, एसआई और 200 एएसआई, 880 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल जनसभा में तैनात रहेंगे। जनसभा स्थल पुलिस छावनी से घिरा हुआ नजर आएगा। काले कपड़े और संदिग्ध वस्तुओं की चेकिंग की जाएगी। थ्री लेयर सुरक्षा का घेरा राहुल गांधी को लेकर रहेगा। पुलिस ड्रोन कैमरे की मदद से जनसभा पर पैनी नजर रखेगी।
कांग्रेस की आदिवासी वोट बैंक पर नजर
कांग्रेस पार्टी की आदिवासी वोट बैंक पर खासतौर पर नजर है। दक्षिणी राजस्थान के आदिवासी बाहुल्य इलाकों में कांग्रेस चुनाव में अच्छा कम बैक करना चाहती है। पिछली बार जिन सीटों को कांग्रेस ने गंवा दिया था उन पर भी पार्टी फोकस कर जीत की रणनीति के साथ काम कर रही है। राहुल गांधी की मानगढ़ में सभा के पीछे की वजह आगामी विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव है। इस साल के अंत में राजस्थान और उसके पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव हैं, मानगढ़ की सीमाएं मध्यप्रदेश और गुजरात से लगती हैं। यहां राहुल की सभा करवाकर कांग्रेस आदिवासी मतदाताओं को साधने और बड़ा सियासी संदेश देने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस का चुनावी शंखनाद
राहुल गांधी की इस जनसभा को कांग्रेस का चुनावी शंखनाद माना जा रहा है। जनसभा से पहले राहुल गांधी मानगढ़ धाम में पूजा अर्चना करेंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ डोटासरा, प्रभारी रंधावा, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, प्रभारी सुखजिंदर रंधावा सहित कई अन्य नेता भी जनसभा को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस सरकार आदिवासियों को सौगात देगी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि मानगढ़ धाम में कांग्रेस की सभा अब तक की सबसे बड़ी होगी। पीएम की यहां हुई सभा से 6 गुना ज्यादा लोग राहुल गांधी की सभा में जुटेंगे। मानगढ़ धाम पहाड़ी पर है। सभा में इतने लोग आएंगे कि लाइनें लगेगी, जाम लगेंगे, उनकी व्यवस्था कैसे हो हमें इसकी चिंता है। लाखों लोग खुद आदिवासी क्षेत्रों और आसपास के जिलों से मानगढ़ धाम पर आएंगे। क्योंकि आदिवासियों का कांग्रेस से गहरा लगाव रहा है। उन्होंने कहा बीजेपी की केंद्र में सरकार ने 9 साल में आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया। लेकिन, कांग्रेस ने सरकार में रहते हुए बहुत कुछ किया। पीएम मोदी यहां आए तब आशा थी कि वह मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय तीर्थ स्मारक घोषित करेंगे, लेकिन उन्होंने आदिवासियों को निराश किया। अब कांग्रेस सरकार आदिवासियों को ऐसी सौगात देगी कि याद रखा जाएगा।