Rajasthan: खाचरियावास की केंद्र सरकार से मांग, कहा- कश्मीर फाइल्स की टिकट की तरह पेट्रोल-डीजल के फ्री कूपन बांटे भाजपा
राजस्थान कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि भाजपा राम भक्त नहीं रावण भक्त है। जनता देख रही है कि कैसे एक पार्टी बार-बार धोखा दे रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों को लेकर गहलोत सरकार के मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भाजपा पर तंज कसा है। खाचरियावास ने कहा कि जिस तरह भाजपा ने फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' के टिकट बांटे थे। उसी तरह केंद्र सरकार को पेट्रोल-डीजल के कूपन बांटने चाहिए।
मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता खाचरियावास ने कहा कि चुनाव के बाद भाजपा ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। वे राम भक्त नहीं रावण भक्त हैं। रावण धोखाबाज था, भगवान राम धोखा नहीं करते थे। जनता देख रही है कि कैसे एक पार्टी बार-बार धोखा कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ी कीमतों के खिलाफ सड़क पर उतरी हुई है। इसको लेकर लोगों में आक्रोश है।
विधानसभा चुनाव के दौरान चार महीनों से अधिक पेट्रोल-डीजल के दाम में इजाफा नहीं हुआ था। मार्च में चुनाव खत्म होते ही ईंधन के दामों में बढ़ोतरी होनी शुरू हो गई। पिछले मंगलवार से सात बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ चुके हैं।
फिल्म के बांटे गए थे फ्री टिकट
बता दें कि फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' की रिलीज के बाद देश भर में भाजपा नेताओं ने सिनेमाघरों को बुक कर लिया था। लोगों को फ्री में टिकट दिया गया और फिल्म की मुफ्त स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया, जिससे लोगों को फिल्म देखने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।