{"_id":"62bcf453cd095302836ce313","slug":"kanhaiya-lal-killers-are-associated-with-pakistani-terrorist-organization-case-registered-under-uapa","type":"story","status":"publish","title_hn":"उदयपुर में तालिबानी बर्बरता : पाकिस्तानी आतंकी संगठन से जुड़े हैं कन्हैया के कातिल, कराची में लिया प्रशिक्षण","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
उदयपुर में तालिबानी बर्बरता : पाकिस्तानी आतंकी संगठन से जुड़े हैं कन्हैया के कातिल, कराची में लिया प्रशिक्षण
Thu, 30 Jun 2022 06:24 AM IST
Jeet Kumar
अमर उजाला ब्यूरो/एजेंसी, उदयपुर/जयपुर/नई दिल्ली।
अमर उजाला ब्यूरो/एजेंसी, उदयपुर/जयपुर/नई दिल्ली।
Published by: Jeet Kumar
Updated Thu, 30 Jun 2022 06:24 AM IST
सार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गृह मंत्रालय ने एनआईए की एक टीम को मंगलवार देर रात को ही उदयपुर रवाना कर दिया था
विज्ञापन
उदयपुर हत्याकांड
- फोटो : Social Media
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उदयपुर में कन्हैयालाल की तालिबानी हत्या के आरोपी रियाज अख्तरी व गौस मोहम्मद पाकिस्तानी आतंकी संगठन दावत-ए-इस्लामी से जुड़े हैं। राजस्थान के डीजीपी एमएल लाठर ने खुलासा किया कि गौस 2014 में कराची में आतंकी संगठन के शिविर में गया था। पेशे से वेल्डर अख्तरी ने हत्या में इस्तेमाल हथियार पांच साल पहले खुद ही बनाया था। पुलिस ने मामले में तीन और लोगों को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
इस बीच, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गृह मंत्रालय ने एनआईए की एक टीम को मंगलवार देर रात को ही उदयपुर रवाना कर दिया था। एनआईए प्रवक्ता ने कहा, हत्या का मकसद देशवासियों के मन में दहशत फैलाना था।
विज्ञापन
इस बीच, उदयपुर में दूसरे दिन भी कर्फ्यू लगा रहा। राजस्थान के सभी जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद रही। प्रदेश सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी जिलों में अगले एक महीने तक धारा 144 लागू करने का फैसला किया है। उदयपुर के संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट ने कहा, कन्हैयालाल के परिवार को 31 लाख रुपये की वित्तीय मदद दी जाएगी।
विज्ञापन
लापरवाही के आरोप में धानमंडी थाना के एसएचओ गोविंद राजपुरोहित को निलंबित कर दिया गया है। दरिंदों ने भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट को लेकर कन्हैया की गला रेत कर हत्या कर दी थी। इसके बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी किया। इस बीच, पाकिस्तान ने रियाज व गौस के दावत-ए-इस्लामी से संबंध होने के दावे को खारिज कर दिया है।
सिर कलम करना आईएस व अलकायदा का तरीका
गृहमंत्रालय ने एनआईए को हत्याकांड में अंतरराष्ट्रीय तार जुड़े होने की जांच सौंपी है। इसका आधार यह भी है कि आतंकी संगठन आईएस भी इसी तरह सिर कलम करता है। हत्यारों ने आईएस की तरह ही सिर कलम करने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर जारी किया। विदेशी संगठन अलकायदा भी यही बर्बर तौर-तरीका अपनाता रहा है। यूरोप व अमेरिका में भी ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं। राजस्थान पुलिस ने रियाज व गौस की गिरफ्तारी के बाद दावा किया था, दोनों आईएस से प्रभावित थे।
जांच के दायरे में पीएफआई भी
दावत-ए-इस्लामी के अलावा तहरीक-ए-लब्बाक भी एनआईए के रडार पर है। पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) भी जांच के दायरे में है। पीएफआई ने फरवरी में सरकार की अनुमति से कोटा में बड़ी रैली की थी।
साजिश करेंगे बेनकाब
हत्या आतंक फैलाने के इरादे से की गई थी। यह साधारण घटना नहीं है। सूचना है कि हत्यारों के विदेश में आतंकी संगठनों से संपर्क हैं। हम बेहद गंभीरता के साथ पूरी साजिश को बेनकाब करेंगे।
-अशोक गहलोत, सीएम, राजस्थान
हत्या निंदनीय, कानून हाथ में न लें : पर्सनल लॉ बोर्ड
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव मौलाना खालिद सैफुल्लाह रहमानी ने कहा, कानून को अपने हाथ में लेना और किसी व्यक्ति की हत्या कर देना निंदनीय कृत्य है। उन्होंने कहा, लोग धैर्य से काम लें और कानूनी मार्ग अपनाएं।
सख्त कार्रवाई हो : मदनी
जमीयत उलमा-ए-हिंद के दोनों गुटों के अध्यक्षों-मौलाना अरशद व मौलाना महमूद मदनी ने उदयपुर की घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।