Jodhpur Cylinder Blast: जली चूड़ियां और दीवारों पर खून देख भावुक हुईं वसुंधरा राजे, पीड़ित परिवारों को गोद लिया
वसुंधरा राजे ने मृतकों के परिवार वालों, घायलों के भोजन, आवास, बच्चों की शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की बात कही है। इस दौरान जब मीडिया ने उनसे बातचीत करनी चाही तो राजे ने कहा कि 'प्लीज, ऐसे में राजनीति नहीं।'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जोधपुर सिलेंडर ब्लास्ट में अब तक 35 लोगों की मौत हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे मंगलवार को जोधपुर सिलेंडर ब्लास्ट के पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंची। इस दौरान पीड़ित परिवार के घर में बिखरा सिंदूर, अधजली चूड़ियां, जला हुआ लहंगा और दीवारों पर खूनकर देखकर राजे भावुक हो गईं।
वसुंधरा राजे मंगलवार सुबह 8.10 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचीं थीं। पहले उन्होंने बीएसएफ हेडक्वार्टर में 1971 के युद्ध नायक भैरो सिंह राठौड़ को श्रद्धांजलि दी। वहां से राजे जोधपुर के शेरगढ़ स्थित भूंगरा गांव पहुंची, जहां पूर्व विधायक और भाजपा नेता बाबू सिंह राठौड़ ने पीड़ित परिवार के घर दिखाएं। पीड़ित के घर में जली हुई सुहाग की निशानियां और दीवारों पर खून देखकर वसुंधरा राजे के आंखों में आंसू आ गए। इस दौरान जब मीडिया ने उनसे बातचीत करने की कोशिश की तो उन्होंने कहा कि प्लीज, ऐसे में राजनीति नहीं।
ऐसा हादसा, जो मन में हमेशा चुभता रहेगा
इसके बाद राजे मृतकों के परिवार वालों से मिलीं और दिवंगतों के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। राजे ने ट्वीट कर कहा कि जाने वाले सब अपने थे। उनके निधन का बहुत दुख है। यह एक ऐसा हादसा है, जो हमेशा हमारे मन में कांटे की तरह चुभता रहेगा। जो चले गए वे वापस तो नहीं आ सकते, लेकिन उनके परिजनों को जो गहरे घाव मिले हैं, उन पर हम अपनी सद्भावना का मरहम लगा सकते हैं। उसके बाद वसुंधरा राजे ने घोषणा कि' इस त्रासदी से आहत सभी परिवारों को में गोद लेती हूं।' उन्होंने मृतकों के परिवार वालों, घायलों के भोजन, आवास, बच्चों की शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की बात की।
ऐसा भयानक मंजर देखकर रूह कांप गई
वसुंधरा राजे ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'जब यहां खून से सनी दीवारें दिखी तो मैं खुद अपनी आंखों को बहने से नहीं रोक पाई। जब ऐसा भयानक मंजर देखने मात्र से ही रूह कांप जाती हैं, तो उन बेचारों पर क्या बीती होगी जिन्होंने इसे सहा है। यह सब देखकर मन से बस एक ही आवाज आई, हे ईश्वर ऐसा कभी ना हो।'
राजे ने बनाई 5 सदस्यीय कमेटी
इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बताया कि 5 सदस्यीय कमेटी इस त्रासदी में हुए नुकसान को लेकर 10 दिन में मुझे रिपोर्ट देगी। कमेटी में पूर्व विधायक व भाजपा नेता बाबू सिंह राठौड़, पूर्व जिला अध्यक्ष (जोधपुर) भोपाल सिंह बड़ला, पूर्व मंत्री मेघराज लोहिया, भाजपा नेता अर्जुन सिंह अचियारड़ा, भगवान सिंह तेना शामिल हैं। ये कमेटी नुकसान का आकलन कर राजे को रिपोर्ट सौंपेगे। जिसके बाद पीड़ित परिवारों की मदद की जाएगी। इस ब्लास्ट में 24 परिवार में मौत हुई है।
मैंने इस त्रासदी से आहत समस्त परिवारों को गोद लेने का निर्णय लिया है। हमारे जनप्रतिनिधि इसका आंकलन करेंगे, जिसके अनुसार मृतकों के परिजनों व घायलों के भोजन, आवास, बच्चों की शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी को निभाने में उनकी सहायता करने जैसी व्यवस्थाएं की जाएगी।#Jodhpur
— Vasundhara Raje (@VasundharaBJP) December 20, 2022