{"_id":"6aef387d595cbc1c1b00ed42","slug":"jodhpur-fraud-alleged-in-20-crore-land-deal-involving-ailing-elderly-man-patwari-and-bank-manager-booked-2026-11-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"जोधपुर: फर्जी मुख्तारनामा तैयार कर बुजुर्ग की 20 करोड़ की जमीन हड़पी, पटवारी-बैंक मैनेजर समेत आठ पर मामला दर्ज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जोधपुर: फर्जी मुख्तारनामा तैयार कर बुजुर्ग की 20 करोड़ की जमीन हड़पी, पटवारी-बैंक मैनेजर समेत आठ पर मामला दर्ज
Sat, 07 Nov 2026 08:11 PM IST
प्रिया वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जोधपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जोधपुर
Published by: प्रिया वर्मा
Updated Sat, 07 Nov 2026 08:11 PM IST
सार
मानसिक रूप से अस्वस्थ बुजुर्ग से फर्जी दस्तावेजों के जरिये 22 बीघा पुश्तैनी जमीन हड़पने का आरोप लगा है। करीब 20 करोड़ रुपये की जमीन के मामले में पटवारी और बैंक प्रबंधक सहित आठ लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की है।
विज्ञापन
पुलिस थाना उदय मंदिर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शहर के उदय मंदिर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मानसिक रूप से अस्वस्थ बुजुर्ग की लगभग 20 करोड़ रुपये मूल्य की 22 बीघा पुश्तैनी जमीन हड़पने के मामले में पटवारी और बैंक प्रबंधक सहित आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। माणकलाव करवड़ निवासी पीड़ित के बेटे दिलीप सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
विज्ञापन
शिकायत के अनुसार पीड़ित इंद्र सिंह शेखावत कई वर्षों से मानसिक बीमारी से ग्रसित हैं और जोधपुर तथा अहमदाबाद के चिकित्सकों से उनका इलाज चल रहा है। आरोपियों सोहनलाल बिश्नोई, राकेश गोदारा, लक्ष्य विश्नोई, पटवारी राजाराम विश्नोई और अन्य ने बुजुर्ग की अस्वस्थता का लाभ उठाया। आरोपियों ने जोधपुर कचहरी परिसर में एक फर्जी आम मुख्तारनामा तैयार करवाकर पीड़ित की जानकारी और सहमति के बिना उनकी कीमती जमीन अपने तथा अपने परिजनों के नाम हस्तांतरित करवा ली।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: श्रीगंगानगर: खुली जेल का गजब खेल, उम्रकैद का कैदी पांच दिन तक घूमता रहा थाईलैंड, जेल में लगती रही फर्जी हाजिरी
विज्ञापन
फर्जी खाता खुलवाकर राशि निकाली
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने सरकारी मुआवजे और योजनाओं का झांसा देकर बुजुर्ग को बैंक ले जाकर एक नया खाता खुलवाया। इस खाते में फर्जी हस्ताक्षर और बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से बड़ी धनराशि हस्तांतरित की और बाद में उसे निकाल लिया। पटवारी राजाराम विश्नोई ने दस्तावेज और नामांतरण में हेरफेर करके जमीन अपने और अपने साथियों के नाम करवाने में मुख्य भूमिका निभाई।
जान से मारने की धमकी
जब दिलीप सिंह ने इस धोखाधड़ी का विरोध करके तहसील में आपत्ति दर्ज कराई तो आरोपी नहीं माने। 7 अक्तूबर को कचहरी परिसर में गाड़ी लेकर पहुंचे आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के खेतों के पास आकर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया और परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। उदय मंदिर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पटवारी और बैंक अधिकारियों की संलिप्तता की जांच शुरू कर दी है।