नाकाबंदी में बड़ी कार्रवाई: अकलेरा में 260 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, कीमत 52 लाख रुपये
अकलेरा में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार कर 260 ग्राम स्मैक बरामद की। जब्त स्मैक की कीमत करीब 52 लाख रुपये बताई गई। पुलिस ने बुलेट बाइक, मोबाइल और 10,900 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झालावाड़ जिले के अकलेरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 260 ग्राम स्मैक, तस्करी में प्रयुक्त बुलेट बाइक, एक मोबाइल फोन और 10,900 रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत करीब 52 लाख रुपये बताई गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, परिवहन, निर्माण और खपत में संलिप्त लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम सहित सभी थाना क्षेत्रों में विशेष टीमें गठित कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पढ़ें: विजय कौशिक का बड़ा आरोप- सरकार प्रायोजित कॉकरोच पार्टी चला रही
इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन और अकलेरा डीवाईएसपी मनोज कुमार सोनी के सुपरविजन में थानाधिकारी सीआई धर्माराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम प्रभारी उप निरीक्षक राधेश्याम सुमन ने 26 अगस्त को नाकाबंदी के दौरान मनोहरथाना रोड स्थित बाईपास ब्रिज के आगे सर्विस रोड जोड़ पर बरेड़ी की घाटी की ओर बुलेट बाइक से जा रहे दो व्यक्तियों को संदिग्ध हालत में देखा।
पुलिस ने दोनों को रोककर तलाशी ली तो उनके कब्जे से 260 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बुलेट बाइक, एक मोबाइल फोन और 10,900 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि स्मैक कहां से खरीदी गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। साथ ही तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। जिला पुलिस ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।