झालावाड़: झालरापाटन में व्यापारी से एक करोड़ फिरौती मांगने वाला आरोपी इंदौर से दबोचा; गोली मारने की दी धमकी
झालरापाटन के एक व्यापारी को व्हाट्सएप कॉल करके गोली मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपी इंदौर भाग गया। कॉल करके आरोपी ने गैंग के नाम पर एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने आरोपी को इंदौर से पकड़ा है।
विस्तार
झालरापाटन के एक व्यापारी को व्हाट्सएप कॉल पर गोली मारने की धमकी मिली थी। आरोपी ने गैंग के नाम पर एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। झालरापाटन पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपी को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान झालरापाटन निवासी संदीप पांचाल के रूप में हुई है। जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि 11 नवंबर को अज्ञात व्यक्ति ने व्यापारी को व्हाट्सएप कॉल किया था। कॉल करने वाले ने खुद को एक गैंग का सदस्य बताया था। उसने व्यापारी को जान बचाने के बदले एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। इस संबंध में 15 नवंबर को झालरापाटन थाने में शिकायत दर्ज की गई थी। पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने झालावाड़ जिले में अपराधी गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष दल गठित करने की बात कही। यह दल आरोपियों को समय पर सजा दिलाने के लिए बनाया गया है।
तकनीकी अनुसंधान और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता देखते हुए एडिशनल पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देश पर एक विशेष दल गठित हुआ। झालावाड़ डिप्टी हर्षराज सिंह खरेड़ा के पर्यवेक्षण में झालरापाटन थानाधिकारी हंसराज मीणा ने इस दल का नेतृत्व किया। दल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। पुलिस ने उसे इंदौर से हिरासत में लिया और झालावाड़ लेकर आई। आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास और आगे की जांच
गिरफ्तार आरोपी संदीप पांचाल आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ छीना-झपटी, फिरौती, मारपीट, एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम और आयुध अधिनियम सहित आठ आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पुलिस उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई भी कर रही है। आरोपी को न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि फिरौती के पीछे किसी गैंग का हाथ है या आरोपी ने अकेले ही गैंग का नाम लिया था। अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी जारी है।
