{"_id":"6a8454c517891cdea70af475","slug":"ravi-kishan-dances-with-students-at-poornima-groups-pehla-kadam-orientation-programme-jaipur-news-c-1-1-noi1422-4624044-2026-08-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan: जयपुर में छात्रों संग रवि किशन ने की मस्ती, ट्रोलिंग और राजनीति पर क्या बोले सांसद?","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan: जयपुर में छात्रों संग रवि किशन ने की मस्ती, ट्रोलिंग और राजनीति पर क्या बोले सांसद?
Tue, 18 Aug 2026 08:40 PM IST
जयपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: जयपुर ब्यूरो
Updated Tue, 18 Aug 2026 08:40 PM IST
सार
Rajasthan News: जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में अभिनेता एवं सांसद रवि किशन ने मंगलवार को छात्रों से संवाद किया। उन्होंने छात्रों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और कई गानों पर डांस कर कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। रवि किशन ने सोशल मीडिया पर वायरल अपने खास डांस स्टेप भी छात्रों के साथ किए।
विज्ञापन
रवि किशन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
एक कार्यक्रम में जयपुर पहुंचे रवि किशन ने मंच से ‘खम्मा घणी’ बोलकर छात्रों से बातचीत की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि देश में कई बेहतरीन इंजीनियर हुए हैं, लेकिन आज के युवा एआई के दौर के इंजीनियर हैं। उन्हें पिछली पीढ़ियों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने छात्रों से जीवन में कभी निराश नहीं होने और मुश्किल परिस्थितियों में भी हार न मानने की अपील की।
विज्ञापन
‘जेन जी का प्यार मिल रहा है’
रवि किशन ने कहा कि यह महादेव की कृपा है कि उन्हें जेन जी का काफी प्यार मिल रहा है और सोशल मीडिया पर वे वायरल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बाद यह उनका पहला कार्यक्रम है और यहां आकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा कि वे जीवन में दिल की सुनते हैं, लेकिन काम के मामले में दिमाग को प्राथमिकता देते हैं।
विज्ञापन
ट्रोलिंग से परेशान न होने की दी सलाह
सोशल मीडिया ट्रोलिंग को लेकर रवि किशन ने युवाओं को सलाह दी कि वे ट्रोल होने से परेशान न हों। उन्होंने कहा कि वे भी कई बार ट्रोल होते हैं और अब अपनी सोशल मीडिया पोस्ट पर कमेंट नहीं पढ़ते। अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जरूरत के समय किसी ने उनकी मदद नहीं की। यही वजह है कि राजनीति में आने के बाद उनका उद्देश्य लोगों की मदद करना है।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें: राजस्थान के 7 शहरों को मिली ई-बसों की सौगात, CM भजनलाल ने 71 बसों को दिखाई हरी झंडी
‘अभिनय शौक, राजनीति निस्वार्थ भाव से’
रवि किशन ने कहा कि अभिनय वे अपने शौक के लिए करते हैं, जबकि राजनीति निस्वार्थ भाव से करते हैं। उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने, कठिन परिस्थितियों से सीखने और लगातार आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों के साथ उनकी बातचीत और डांस आकर्षण का केंद्र रहा।