Rajasthan News: सीएम के दिल्ली दौरे पर जूली का कटाक्ष, बोले- भाजपा ने राजस्थान को बनाया केंद्र शासित प्रदेश
मुख्यमंत्री के लगातार दिल्ली दौरों को लेकर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि भाजपा ने राजस्थान को अघोषित रूप से केंद्र शासित प्रदेश बना दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लगातार दिल्ली दौरों को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मंगलवार को मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने राजस्थान को “अघोषित रूप से केंद्र शासित प्रदेश” बना दिया है, जहां फैसले जयपुर में नहीं बल्कि दिल्ली में तैयार होते हैं।
जूली ने कहा कि वर्तमान सरकार का पूरा प्रशासनिक ढांचा दिल्ली पर निर्भर होता जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा- मुख्यमंत्रीजी का एक पैर हमेशा दिल्ली में रहता है। सारे राजनीतिक और प्रशासनिक निर्णय दिल्ली से होते हैं और मुख्यमंत्री केवल उनकी पालना भर करते हैं। उन्होंने दावा किया कि बीते 24 महीनों में मुख्यमंत्री शर्मा करीब 24 बार दिल्ली जा चुके हैं। विपक्ष के नेता ने सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि इन 24 दौरों के बदले दिल्ली से मिली 24 सौगातें ही बता दीजिए। राजस्थान की जनता अपने मुख्यमंत्री के हर दौरे का ठोस परिणाम चाहती है, सिर्फ फोटो खिंचवाने से विकास नहीं होता।
ईआरसीपी का मुद्दा उठाते हुए जूली ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्यसभा में केंद्र सरकार ने स्पष्ट कहा है कि ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने का कोई इरादा नहीं है। जूली ने पूछा कि जब इतना महत्वपूर्ण मामला भी दिल्ली के दौरों से हल नहीं हो सका तो फिर इन यात्राओं की क्या उपयोगिता है? उन्होंने इसे डबल इंजन सरकार की असलियत बताते हुए कहा कि सरकार राजस्थान के हितों की पैरवी करने में विफल रही है।
ये भी पढ़ें: Deeg News: मां ने पैसे लौटाने से मना किया तो बेटे ने लोहे की रॉड से किया वार, नाबालिग के खिलाफ मामला दर्ज
वहीं जूली के आरोपों पर कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने कड़ा पलटवार किया। सोशल मीडिया एक्स पर लिखते हुए गहलोत ने कहा कि कांग्रेस शासन में भी मुख्यमंत्री हर सप्ताह दिल्ली जाया करते थे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के दौरे विकास, निवेश और केंद्रीय कार्यक्रमों के लिए आवश्यक हैं। गहलोत ने लिखा कि वर्तमान मुख्यमंत्री प्रदेश की गति बढ़ाने के लिए दिल्ली जाते हैं। प्रवासी दिवस, दो वर्ष पूर्ण होने पर लोकार्पण-शिलान्यास और केंद्रीय मंत्रियों को आमंत्रण जैसे कार्यक्रम भी रहते हैं लेकिन कांग्रेस लोक कल्याण के कार्य नहीं पचा पा रही है।
कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने भी जूली पर कटाक्ष किया और कहा कि कांग्रेस तो दिल्ली केवल एक परिवार के आगे सिर झुकाने जाती थी, हम काम के लिए जाते हैं। जूली ने सरकार को सलाह दी कि वे विपक्ष पर टिप्पणी करने के बजाय दिल्ली दरबार में राजस्थान के हितों को मजबूती से रखें और जनता को ठोस परिणाम दें क्योंकि सवाल दौरों का नहीं, उनकी सार्थकता का है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.