राजस्थान: जयपुर में ई-कॉमर्स के जरिए हेलमेट की हेराफेरी का खुलासा, 10 लाख के 200 से अधिक हेलमेट बरामद
जयपुर के ज्योति नगर थाना दक्षिण पुलिस ने ई-कॉमर्स के जरिए ब्लूटूथ हेलमेट की कथित हेराफेरी का खुलासा किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 10 लाख रुपये कीमत के 200 से अधिक हेलमेट बरामद किए गए हैं।
विस्तार
ज्योति नगर थाना दक्षिण पुलिस ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए नामी कंपनी के ब्लूटूथ वाले हेलमेट की कथित हेराफेरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 200 से अधिक हेलमेट बरामद किए हैं। बरामद हेलमेट की बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के साथ हेलमेट को कम कीमत पर बेचने का नेटवर्क भी बनाया था।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि 19 अक्टूबर को कंपनी के संचालक शुभम चौहान ने ज्योति नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कंपनी ब्लूटूथ लगे हेलमेट बनाकर ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से बेचती है। कंपनी के अनुसार, जनवरी 2026 से ग्राहकों को भेजे गए हेलमेट असामान्य रूप से बड़ी संख्या में वापस आने लगे। रिटर्न में कभी गलत उत्पाद मिलने तो कभी बॉक्स में हेलमेट नहीं होने की शिकायत सामने आ रही थी। इससे कंपनी को लाखों रुपये के हेलमेट की हेराफेरी होने की आशंका हुई।
पढे़ं: 'अरुणाचल में भारत-चीन सैनिकों के बीच तनाव बरकरार': आईटीबीपी के डीजी ने बताई स्थिति, और क्या-क्या कहा?
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान सुरेंद्र कुमार नागर के बारे में जानकारी मिली, जो शॉपिंग एप्लिकेशन पर नामी कंपनी के हेलमेट बाजार कीमत से कम दाम में बेचने का विज्ञापन कर रहा था। पुलिस ने उसे दस्तयाब कर पूछताछ की। जांच में कथित तौर पर ई-कॉमर्स कंपनी में काम करने वाले एक अन्य व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई।
पुलिस के अनुसार, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों को भेजे जाने वाले असली हेलमेट कथित तौर पर रास्ते में ही गायब कर दिए जाते थे। उनकी जगह दूसरी कंपनी के कम कीमत वाले हेलमेट पैकेट में रखकर भेज दिए जाते थे। गलत उत्पाद मिलने पर ग्राहक पैकेट वापस कर देते थे, जो कंपनी तक पहुंच जाता था। इस तरह असली हेलमेट की कथित हेराफेरी कर कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, गायब किए गए हेलमेट सुरेंद्र कुमार नागर और सुशील कुमार को बिक्री के लिए दिए जाते थे। पुलिस ने सुरेंद्र कुमार नागर और सुशील कुमार बुराडिया को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 200 से अधिक हेलमेट बरामद किए हैं। मामले में अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है। कार्रवाई पुलिस निरीक्षक गुंजन सोनी के नेतृत्व में गठित टीम ने की।