Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaipur News ›   rajasthan high court sunny deol surya film release censor certificate ima petition notice

राजस्थान: सेंसर सर्टिफिकेट के बिना रिलीज नहीं होगी फिल्म 'सूर्या', हाईकोर्ट ने जारी किए नोटिस

Tue, 17 Nov 2026 10:52 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Tue, 17 Nov 2026 10:52 AM IST
सार

राजस्थान हाईकोर्ट ने सनी देओल की फिल्म 'सूर्या-अंत से आरंभ तक' को लेकर निर्देश दिया है कि सेंसर बोर्ड का प्रमाण पत्र मिले बिना फिल्म सिनेमाघरों या सोशल मीडिया पर प्रदर्शित नहीं होगी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने फिल्म पर डॉक्टरों और मेडिकल एसोसिएशन की छवि खराब करने का आरोप लगाया है।

विज्ञापन
rajasthan high court sunny deol surya film release censor certificate ima petition notice
राजस्थान हाई कोर्ट - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

अभिनेता सनी देओल की फिल्म 'सूर्या-अंत से आरंभ तक' की रिलीज पर राजस्थान हाईकोर्ट ने अहम निर्देश दिए हैं। अदालत ने स्पष्ट किया है कि सेंसर बोर्ड का प्रमाण पत्र मिले बिना फिल्म को सिनेमाघरों या किसी भी सोशल मीडिया मंच पर प्रदर्शित नहीं किया जा सकेगा। न्यायमूर्ति समीर जैन की अदालत ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), राजस्थान की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया। साथ ही केंद्र सरकार, सेंसर बोर्ड और अन्य संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 20 नवंबर को होगी।

विज्ञापन

डॉक्टरों की छवि खराब करने का आरोप, आईएमए ने जताई आपत्ति

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि फिल्म में डॉक्टरों और मेडिकल एसोसिएशन की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है। संगठन ने इस संबंध में 22 और 23 अक्टूबर को संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। हालांकि, इन शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद आईएमए ने राजस्थान हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

विज्ञापन

केंद्र सरकार ने याचिका का किया विरोध

सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने आईएमए की याचिका का विरोध करते हुए इसे समय से पहले दायर की गई याचिका बताया। हालांकि, सरकार ने अदालत को आश्वस्त किया कि फिल्म के मामले में सिनेमैटोग्राफी अधिनियम की धारा 5बी के प्रावधानों का पूरी तरह पालन किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

विशेषज्ञ समिति करेगी फिल्म का विश्लेषण

अदालत ने कहा कि फिल्म के प्रदर्शन से पहले सेंसर बोर्ड की सक्षम विशेषज्ञ समिति इसे देखकर इसका विश्लेषण करेगी। समिति की समीक्षा और अंतिम निर्णय के दौरान सार्वजनिक व्यवस्था, शालीनता, नैतिकता और याचिकाकर्ता की ओर से उठाई गई आपत्तियों को भी ध्यान में रखा जाएगा। हाईकोर्ट ने फिलहाल सेंसर प्रमाण पत्र के बिना फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने का निर्देश दिया है।

पहले 20 नवंबर को होनी थी रिलीज, निर्माताओं ने टाली

फिल्म पहले 20 नवंबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन चिकित्सकों के विरोध और सेंसर प्रमाण पत्र मिलने में देरी के चलते निर्माताओं ने इसका प्रदर्शन टाल दिया है। फिलहाल निर्माताओं की ओर से रिलीज की नई तारीख घोषित नहीं की गई है। अब इस मामले में 20 नवंबर को होने वाली सुनवाई पर सभी की नजरें रहेंगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed