फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaipur News ›   rajasthan fake doctor scam 38 arrested fake fmge certificates medical council sog investigation

राजस्थान: फर्जी डिग्री और प्रमाण पत्र से डॉक्टर बनने का खुलासा, अब तक 38 गिरफ्तार; 100 से ज्यादा रडार पर

Fri, 30 Oct 2026 10:04 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Fri, 30 Oct 2026 10:04 AM IST
सार

राजस्थान में विदेश से एमबीबीएस की डिग्री लेने के बाद फर्जी एफएमजीई प्रमाण पत्रों के आधार पर डॉक्टर बनने के मामले में एसओजी की जांच जारी है। अब तक 38 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 100 से अधिक लोग जांच के दायरे में हैं।

विज्ञापन
rajasthan fake doctor scam 38 arrested fake fmge certificates medical council sog investigation
arrest - फोटो : ANI

विस्तार

राजस्थान में विदेश से एमबीबीएस की डिग्री हासिल करने के बाद फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर डॉक्टर बनने के बड़े मामले का खुलासा हुआ है। इस फर्जीवाड़े की जांच कर रही स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) अब तक 38 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि 100 से अधिक लोग जांच के दायरे में हैं। जांच में सामने आया है कि कई अभ्यर्थियों ने विदेशी चिकित्सा स्नातक परीक्षा (एफएमजीई) पास किए बिना ही लाखों रुपये खर्च कर फर्जी प्रमाण पत्र हासिल किए और इनके आधार पर मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण कराकर अस्पतालों में इंटर्नशिप तक पूरी कर ली। इस पूरे मामले में राजस्थान मेडिकल काउंसिल (आरएमसी) के अधिकारियों की मिलीभगत भी सामने आई है।

विज्ञापन

18 से 25 लाख रुपये देकर हासिल किए फर्जी प्रमाण पत्र

जांच में सामने आया है कि विदेश से एमबीबीएस की डिग्री लेने वाले कई अभ्यर्थी भारत में डॉक्टर के रूप में चिकित्सा कार्य करने के लिए अनिवार्य एफएमजीई परीक्षा पास नहीं कर सके थे। इनमें से कुछ अभ्यर्थियों ने तीन से चार बार परीक्षा दी, लेकिन हर बार असफल रहे। इसके बाद उन्होंने दलालों के जरिए 18 से 25 लाख रुपये तक देकर फर्जी एफएमजीई प्रमाण पत्र हासिल कर लिए। आरोप है कि इस फर्जीवाड़े में राजस्थान मेडिकल काउंसिल के अधिकारियों की भी मिलीभगत थी। अभ्यर्थियों ने अधिकारियों को रिश्वत देकर अपना पंजीकरण करवाया। इसके बाद फर्जी दस्तावेजों के आधार पर राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) से इंटर्नशिप की अनुमति हासिल की। इतना ही नहीं, इन लोगों ने विभिन्न सरकारी अस्पतालों में अपनी इंटर्नशिप भी पूरी कर ली।

विज्ञापन

आठ देशों से हासिल की थी एमबीबीएस की डिग्री

एसओजी की जांच में पता चला है कि आरोपियों ने आठ देशों से एमबीबीएस की पढ़ाई की थी। इनमें कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान, रूस, किर्गिस्तान, चीन, यूक्रेन, जर्मनी और बांग्लादेश शामिल हैं। विदेश से डिग्री हासिल करने के बावजूद ये अभ्यर्थी भारत में चिकित्सा कार्य करने के लिए जरूरी एफएमजीई परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर सके थे।

विज्ञापन
विज्ञापन


राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने बताया कि फर्जीवाड़े का मामला सामने आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में लगातार गिरफ्तारियां हो रही हैं और जांच का दायरा भी बढ़ाया जा रहा है। एसओजी इस मामले में राजस्थान मेडिकल काउंसिल के तत्कालीन पंजीयक डॉ. राजेश शर्मा को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

तीन बार परीक्षा में फेल हुआ, 22 लाख रुपये देकर खरीदा प्रमाण पत्र

एसओजी ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए कोटपूतली-बहरोड़ जिले के निवासी राकेश यादव को गिरफ्तार किया है। जांच के अनुसार, राकेश ने कजाकिस्तान से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की थी, लेकिन तीन बार प्रयास करने के बावजूद वह एफएमजीई परीक्षा पास नहीं कर सका। इसके बाद उसने अलवर निवासी दलाल नफीस खान और शुभम गुर्जर के माध्यम से 22 लाख रुपये देकर फर्जी एफएमजीई प्रमाण पत्र हासिल किया। इसी प्रमाण पत्र के आधार पर उसने दौसा के मेडिकल कॉलेज से अपनी इंटर्नशिप भी पूरी कर ली थी।

100 से ज्यादा लोग जांच के दायरे में

एसओजी अब तक इस मामले में 38 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, 100 से अधिक लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कराने, मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण कराने और इंटर्नशिप की अनुमति दिलाने में किन-किन लोगों की भूमिका रही। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed