नीट-पीजी री-एग्जाम आज: जयपुर के 2499 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, दो सेंटरों पर पहले रद्द हो चुके हैं एग्जाम
राजधानी जयपुर में 30 अगस्त को 2 सेंटर्स पर नीट पीजी परीक्षा अव्यवस्थओं के चलते रद्द करनी पड़ी थी। आज इन्हीं अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नीट-पीजी 2026 की री-एग्जामिनेशन आज शनिवार को जयपुर में होगी। 30 अगस्त को हुई मूल परीक्षा के दौरान जयपुर के दो केंद्रों पर विद्युत आपूर्ति में समस्या के कारण कुछ अभ्यर्थी परीक्षा पूरी नहीं कर पाए थे। इन्हीं अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा से लेकर बिजली और तकनीकी व्यवस्थाओं तक के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (आयुर्विज्ञान), स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से आयोजित यह परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 6:30 बजे तक कंप्यूटर आधारित माध्यम से होगी। जयपुर में निर्धारित पांच केंद्रों पर कुल 2,499 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
पिछली परीक्षा में दो केंद्रों पर आई थी दिक्कत
30 अगस्त को देशभर में नीट-पीजी परीक्षा आयोजित की गई थी। जयपुर में आईओएन डिजिटल जोन, आईडीजेड सीतापुरा के दो परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक विद्युत आपूर्ति में समस्या सामने आई थी। इसके कारण इन केंद्रों पर कुछ अभ्यर्थी निर्धारित परीक्षा पूरी नहीं कर सके।
इसके बाद ऐसे अभ्यर्थियों के लिए पुनः परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया। अब 5 सितंबर को उन्हीं प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए री-एग्जाम कराया जा रहा है।
यह भी पढें- सवाई माधोपुर में मूसलाधार बारिश: नाले और झरने उफान पर, कुंडेरा मार्ग पर पानी भरने से यातायात बाधित
इन पांच केंद्रों पर होगी परीक्षा
जयपुर में री-एग्जाम के लिए पांच परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें
- शंकरा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी - 280 अभ्यर्थी
- अलंकार महिला पीजी महाविद्यालय - 350 अभ्यर्थी
- जयपुर इंजीनियरिंग कॉलेज -640 अभ्यर्थी
- ऑरोबिंदो इंटरनेशनल स्कूल, जयपुर - 340 अभ्यर्थी
- श्री बालाजी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी -889 अभ्यर्थी
इन सभी केंद्रों पर परीक्षा को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिजली और तकनीकी व्यवस्था पर खास फोकस
पिछली परीक्षा में बिजली की समस्या के कारण हुए व्यवधान को देखते हुए इस बार परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग को कंप्यूटर आधारित परीक्षा के लिए जरूरी तकनीकी और आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। परीक्षा के दौरान किसी तरह की तकनीकी समस्या न हो, इसके लिए भी व्यवस्थाएं की गई हैं।
सुरक्षा और नकल रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड
परीक्षा केंद्रों पर कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग को पर्याप्त जाब्ता लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साइबर सुरक्षा व्यवस्था के साथ नकल रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड भी तैनात रहेगा। जिला प्रशासन ने परीक्षा के दौरान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
पानी, चिकित्सा और अग्निशमन की भी व्यवस्था
अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्रों पर पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर को जरूरत के अनुसार चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध रखने को कहा गया है। नगर निगम जयपुर को परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई के साथ अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का फोकस इस बार परीक्षा को बिना किसी व्यवधान के पूरा कराने पर है, ताकि 30 अगस्त को सामने आई समस्या दोबारा न हो और प्रभावित अभ्यर्थी निर्धारित समय में अपनी परीक्षा दे सकें।