जयपुर: 133 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के लिए मतदान शुरू, 856 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज
जयपुर जिले की 133 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान शुरू हो गया है। सरपंच पद के लिए 856 उम्मीदवार मैदान में हैं।
विस्तार
पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में जयपुर जिले की 133 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। सरपंच पद के लिए 856 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनकी किस्मत का फैसला शाम 6 बजे तक मतपेटियों में बंद हो जाएगा। मतदान पूरा होने के बाद मतगणना होगी और देर रात तक चुनाव परिणाम आने की संभावना है।
इन ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 1,190 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे। नामांकन पत्रों की जांच में सभी सही पाए गए। इसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया में 334 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए। इस तरह अंतिम रूप से 856 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए।
पांच पंचायत समितियों में चुनावी मुकाबला
जिला निर्वाचन शाखा की रिपोर्ट के अनुसार कोटखावदा की 27 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 174 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इसी तरह चाकसू की 32 ग्राम पंचायतों में 211, माधोराजपुरा की 25 ग्राम पंचायतों में 167, फागी की 26 ग्राम पंचायतों में 154 और सांगानेर की 23 ग्राम पंचायतों में 150 उम्मीदवार मैदान में हैं।
यह भी पढें- राजस्थान: एनसीआर वाले पांच जिलों में दिवाली पर सिर्फ ग्रीन पटाखों की अनुमति, जानें कब कर सकेंगे आतिशबाजी
442 मतदान केंद्रों पर 3.74 लाख मतदाता करेंगे वोट
सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव के लिए जिले में कुल 442 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन्हीं मतदान केंद्रों पर 3 नवंबर को पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के चुनाव के लिए मतदान हुआ था।
इस चरण में कुल 3 लाख 74 हजार 816 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 1 लाख 93 हजार 206 पुरुष, 1 लाख 81 हजार 609 महिलाएं और एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।