{"_id":"6759b416571c3d2e4e0b1441","slug":"jaipur-news-asi-injured-in-cm-convoy-accident-dies-leaders-sent-condolence-messages-on-x-2024-12-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jaipur News: सीएम काफिले की दुर्घटना में घायल ASI का निधन, महकमे में शोक की लहर, नेताओं ने X पर भेजे शोक संदेश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jaipur News: सीएम काफिले की दुर्घटना में घायल ASI का निधन, महकमे में शोक की लहर, नेताओं ने X पर भेजे शोक संदेश
Wed, 11 Dec 2024 10:08 PM IST
प्रिया वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: प्रिया वर्मा
Updated Wed, 11 Dec 2024 10:08 PM IST
सार
आज दिन में मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल गाड़ी के एक्सीडेंट में घायल ट्रैफिक एएसआई का जीवन रेखा अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। दुर्घटना के बाद उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी।
विज्ञापन
ट्रैफिक ASI सुरेंद्र सिंह
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले की दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए ट्रैफिक ASI सुरेंद्र सिंह का जीवन रेखा अस्पताल में निधन हो गया, पुलिस अधिकारियों ने उनकी मौत की पुष्टि की है। दुर्घटना में सुरेंद्र सिंह के सिर पर गंभीर चोट लगी थी, जिससे उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई थी। चार बार सीपीआर दिए जाने के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और वे लगातार वेंटिलेटर पर थे।
विज्ञापन
वहीं घायल बलवान और अमीर हसन जनरल वार्ड में भर्ती हैं। इसके अलावा घायल राजेंद्र सिंह और देवेंद्र चोटिल हैं और चार पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है। इधर काफिले में हादसे को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्य सचिव सुशांत पंत, डीजी पुलिस, गृह सचिव सहित अधिकारियों की अहम बैठक बुलाई।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि सबसे पहले मुख्यमंत्री के काफिले के आगे चल रही एसीपी ट्रैफिक की गाड़ी से टैक्सी कार टकराई थी। दोनों गाड़ियों की भिड़ंत में एसीपी ट्रैफिक अमीर हसन,उनका ड्राइवर और टैक्सी कार का ड्राइवर घायल हो गया। टैक्सी कार का ड्राइवर एनआरआई चौराहे को क्रॉस करने का बार-बार प्रयास कर रहा था, जिस पर चौराहे पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने टैक्सी कार ड्राइवर को रोकने की कोशिश की थी लेकिन ड्राइवर टैक्सी कार को तेजी से दौड़ाते हुए एनआरआई चौराहे की तरफ ले गया। तभी सीएम कार काफिले के आगे चल रही, एसीपी ट्रैफिक अमीर हसन की गाड़ी से टैक्सी कार टकराई और इसके बाद सीएम के कार काफिले की पायलट गाड़ी भी बेकाबू होकर टकरा गई।
विज्ञापन
इस दुखद खबर की सूचना मिलते ही एडिशनल पुलिस कमिश्नर कुंवर राष्ट्रदीप, डीसीपी ईस्ट तेजस्वनी गौतम और एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक रानू शर्मा अस्पताल पहुंच गए। एएसआई की मौत से पुलिस विभाग और उनके सहयोगियों में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है।
नेता प्रतिपक्ष ने जताया शोक
इधर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली ने X पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा
कि आज शाम मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी के काफिले के एक्सीडेंट में घायल हुए ट्रैफिक एएसआई सुरेंद्र सिंह की इलाज के दौरान मौत की खबर अत्यंत दु:खद है।
इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार तथा समस्त परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उनके परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
इस हादसे में अपने कर्तव्य की पालना करते हुए प्राण गंवाने वाले ASI श्री सुरेन्द्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को यह दुख सहन करने की हिम्मत दें।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने x पर लिखा कि
आज जयपुर में दुर्भाग्यपूर्ण वाहन दुर्घटना में सहायक उप-निरीक्षक (ASI) श्री सुरेंद्र जी के निधन व अन्य नागरिकों के घायल होने की घटना अत्यंत दुःखद है।
इस अपार दुःख की घड़ी में हमारी संवेदनशील सरकार मृतक के परिजनों व घायलों के साथ खड़ी है। इस दुर्घटना के उपरांत संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित चिकित्सकीय उपचार सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है।
मेरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिवार के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायल नागरिकों को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
मुख्यमंत्री के काफिले में हादसे की भेंट चढ़कर जिंदगी गंवाने वाले एएसआई सुरेंद्र सिंह चौधरी जयपुर में वैशाली नगर के रहने वाले थे। उनकी पत्नी संस्कार स्कूल, वैशाली नगर में टीचर के पद पर कार्यरत हैं। मूल रूप से अलवर के रहने वाले सुरेंद्र सिंह के पिता इंडियन आर्मी में कैप्टन रहे हैं। उनका एक बेटा और एक बेटी हैं। इनके बेटे ने हाल ही में MBBS की डिग्री हासिल की है।