राजस्थान: जयपुर में ऑटो चालक को चाकू दिखाकर लूटा, खाते से 11,600 रुपये ट्रांसफर कर फरार हुए बदमाश
जयपुर में दो बदमाशों ने सवारी बनकर ऑटो बुक किया और लालवास के सुनसान रास्ते पर चालक सूर्यदेव साव से मारपीट की। चाकू दिखाकर ऑनलाइन भुगतान ऐप का पासवर्ड पूछा और खाते से 11,600 रुपये ट्रांसफर कर फरार हो गए।
विस्तार
राजधानी में सवारी बनकर ऑटोरिक्शा में बैठे दो बदमाशों ने चालक को सुनसान रास्ते पर ले जाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने चालक के साथ मारपीट की और उसके गले पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद ऑनलाइन भुगतान ऐप का पासवर्ड पूछकर उसके बैंक खाते से 11 हजार 600 रुपये ट्रांसफर कर लिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी चालक को धक्का देकर गिराने के बाद मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने शुक्रवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिंधी कैंप से लालवास जाने के लिए बुक किया ऑटो
पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक रतनलाल ने बताया कि गोनेर के बीमलपुरा निवासी सूर्यदेव साव (35) ऑटोरिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। छह अक्टूबर को सुबह करीब तीन बजे वह सिंधी कैंप बस स्टैंड के बाहर ऑटोरिक्शा लेकर खड़ा था। इसी दौरान दो युवक उसके पास आए और लालवास स्थित सीआरपीएफ कैंप तक जाने के लिए किराया पूछा। दोनों के बीच 300 रुपये किराया तय हुआ। इसके बाद चालक दोनों युवकों को ऑटोरिक्शा में बैठाकर लालवास के लिए रवाना हो गया।
कच्चे रास्ते पर ले जाकर की लूट
पुलिस के अनुसार, लालवास पहुंचने पर दोनों युवकों ने चालक से उन्हें कच्चे रास्ते से अंदर तक छोड़ने के लिए कहा। चालक उनके बताए रास्ते पर आगे बढ़ गया। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद बदमाशों ने ऑटोरिक्शा रुकवा लिया और चालक को धमकाते हुए उसके पास मौजूद सामान और रुपये देने को कहा। चालक ने विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पढ़ें: आज 6 जिलों में बारिश के आसार, 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; रात में बढ़ेगी ठंडक
इसी दौरान एक बदमाश ने जेब से चाकू निकालकर चालक के गले पर लगा दिया। चाकू की नोक पर जान से मारने की धमकी देकर आरोपियों ने उससे ऑनलाइन भुगतान ऐप का पासवर्ड पूछ लिया। डर के कारण चालक ने पासवर्ड बता दिया। इसके बाद बदमाशों ने उसके बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से 11 हजार 600 रुपये ट्रांसफर कर लिए। वारदात के बाद दोनों बदमाशों ने चालक को धक्का देकर नीचे गिरा दिया और मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने शुक्रवार को रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया। पुलिस वारदात स्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में शामिल दोनों बदमाशों ने किसी अन्य व्यक्ति को भी इसी तरह निशाना बनाया है या नहीं। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं और मामले की जांच जारी है।