राजस्थान : अक्टूबर की गर्मी के बीच बदलेगा मौसम, इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं के आसार
राजस्थान में मौसम बदलने के आसार हैं। बीकानेर संभाग और शेखावाटी के कुछ जिलों में बारिश और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अगले दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री गिरने की संभावना है।
विस्तार
राजस्थान में अक्टूबर की गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 13 अक्टूबर को प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में बादल छाने, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है। बीकानेर संभाग के साथ शेखावाटी के कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, अगले कुछ दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने के आसार हैं। इससे दिन की गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
चूरू-सीकर से श्रीगंगानगर तक बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बीकानेर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। शेखावाटी क्षेत्र के चूरू, सीकर और झुंझुनूं में भी मौसम बदलने के आसार हैं। हालांकि, बारिश का दायरा सीमित रह सकता है। प्रदेश के सभी जिलों में एक जैसी मौसमी गतिविधियां होने की संभावना नहीं है और कई इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है।
पिछले 24 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग में कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बीकानेर जिले के लूणकरणसर में सर्वाधिक 27 मिलीमीटर बारिश हुई। दूसरी ओर, फलोदी और बाड़मेर में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढें- राजस्थान: वन्यजीवों की सुरक्षा पर खर्च होंगे 1500 करोड़ रुपये, एआई से होगी निगरानी; 291 एम्बुलेंस भी तैनात
तापमान गिरने से कब मिलेगी गर्मी से राहत?
प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है। इसका असर खासतौर पर उन इलाकों में महसूस हो सकता है, जहां बादल छाएंगे और बारिश होगी। सुबह और शाम के समय भी अपेक्षाकृत राहत मिल सकती है। हालांकि, बारिश नहीं होने वाले क्षेत्रों में गर्मी का असर बना रह सकता है।
15 अक्टूबर के बाद कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 13 से 15 अक्टूबर के बीच उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं। 15 अक्टूबर को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि 16 अक्टूबर को पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं बारिश संभव है।
बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए किसानों को खेतों में रखी फसल और मंडियों में खुले में पड़े अनाज को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। उन्हें कृषि कार्यों की योजना बनाते समय स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर भी ध्यान देने को कहा गया है।