जयपुर को मिलेगा नया हैंगआउट स्पॉट: रामनिवास बाग में बनेगी फूड चौपाटी; प्ले जोन और ओपन एयर थिएटर से लेकर सबकुछ
रामनिवास बाग में अब खाने के साथ फन का भी नया ठिकाना बनेगा। 6.30 करोड़ की फूड चौपाटी में फूड ट्रक, प्ले जोन, गार्डन और ओपन एयर थिएटर आकर्षण होंगे। इस प्रोजेक्ट से जुड़ी हर जानकारी पढ़िए विस्तार से...
विस्तार
रामनिवास बाग में जल्द ही फूड, फन और हरियाली का नया स्पेस विकसित किया जाएगा। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) यहां करीब 6.30 करोड़ रुपये की लागत से फूड चौपाटी विकसित करने की तैयारी में है। करीब 5,920 वर्गमीटर क्षेत्र में बनने वाली चौपाटी में फूड ट्रक, सिटिंग एरिया, बच्चों का प्ले जोन, गार्डन और ओपन एयर थिएटर जैसी सुविधाएं होंगी। जेडीए के प्रोजेक्ट के अनुसार चौपाटी को रामनिवास बाग में मौजूदा स्पोर्ट्स कोर्ट के पास विकसित किया जाएगा। यहां वाहनों और पैदल आने वाले लोगों के लिए अलग प्रवेश की व्यवस्था होगी। फूड ट्रक और कियोस्क के लिए करीब 140 वर्गमीटर जगह रखी गई है, जबकि 662 वर्गमीटर में बैठने की व्यवस्था होगी। बच्चों के लिए करीब 600 वर्गमीटर में प्ले एरिया विकसित किया जाएगा। वहीं करीब 200 वर्गमीटर में ओपन एयर थिएटर बनाया जाएगा। इसके अलावा गार्डन, पैदल पाथवे, टॉयलेट, पेयजल, पार्किंग और अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
राजस्थानी अंदाज में होंगे फूड ट्रक
चौपाटी के फूड ट्रकों का डिजाइन राजस्थानी थीम पर आधारित होगा। इनमें जालीदार नक्काशी, मेहराब और किले की आकृतियों का इस्तेमाल प्रस्तावित है। यहां चाट, कचौरी, राजस्थानी थाली, फ्यूजन फूड और पेय पदार्थों की सुविधा देने का कॉन्सेप्ट तैयार किया गया है।
रात में रोशनी से जगमग होगा परिसर
प्रोजेक्ट डिजाइन में शाम और रात के समय परिसर की लाइटिंग पर भी जोर दिया गया है। स्ट्रिंग लाइट्स, लैम्प पोस्ट, पाथवे लाइटिंग और फसाड इल्यूमिनेशन प्रस्तावित है। इसके लिए लागत अनुमान में 75 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। मास्टर प्लान में इनर और आउटर ग्रीन बेल्ट के साथ ग्रीन बफर का भी प्रावधान है। स्पोर्ट्स कोर्ट और सड़क की ओर ग्रीन बेल्ट विकसित किए जाने हैं। शाम और रात के समय परिसर को रोशन करने के लिए स्ट्रिंग लाइट, लैम्प पोस्ट और पाथवे लाइटिंग की व्यवस्था होगी। फसाड इल्यूमिनेशन के लिए लागत में 75 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। ग्रीन बेल्ट और हरित क्षेत्र भी विकसित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें- आरसीए की नई टीम की कमान किसके हाथ?: आज 38 मतदाता करेंगे फैसला, छह पदों पर सीधी भिड़ंत
पांच साल के रखरखाव का खर्च भी शामिल
जेडीए के लागत अनुमान में प्रोजेक्ट की कुल लागत 6 करोड़ 29 लाख 82 हजार 400 रुपये रखी गई है। इसमें सिविल और इलेक्ट्रिकल काम के लिए 5.33 करोड़, हॉर्टिकल्चर व लैंडस्केपिंग के लिए 42.60 लाख और पांच साल के संचालन एवं रखरखाव के लिए 30 लाख रुपये शामिल हैं। जेडीए के अधिकारियों के अनुसार प्रोजेक्ट के लिए इसी साल टेंडर जारी किए जाने की तैयारी है। इसके बाद रामनिवास बाग में यह नया फूड और एंटरटेनमेंट स्पेस विकसित होगा, जिससे रात के समय भी यहां गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है।