Jodhpur: घर में घुसकर बहन पर चलाई ताबड़तोड़ गोलियां, मां की रिपोर्ट पर हत्यारा भाई गिरफ्तार
जोधपुर पुलिस ने बहन के हत्या के आरोप में एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मां को भी मारने की कोशिश की थी लेकिन उनकी जान बच गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जोधपुर के पूर्व जिले की थाना बनाड़ थाना में संपत्ति विवाद में भाई ने सगी बहन पर फायरिंग कर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने हत्या के आरोपी भाई को वारदात के 72 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर ज्ञान प्रकाश उर्फ श्रवण विश्नोई पुत्र बाबूलाल (40) निवासी अगुणी ढाणी हेम नगर जोलियाली थाना झंवर को थाना चौपासनी हाउसिंग बोर्ड से दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। आरोपी हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में अठारह आपराधिक मामले दर्ज हैं। बदमाश के पास से एक देशी कट्टा मय छह राउंड, एक विदेशी रिवाल्वर मय 7 राउंड और पांच खाली केस कारतूस बरामद किया गया है।
डीसीपी पूर्व भुवन भूषण यादव ने बताया कि दस मार्च की सुबह आरोपी भाई ज्ञान प्रकाश उर्फ श्रवण विश्नोई अपने दोनों हाथों में पिस्तौल लेकर डिगाड़ी स्थित अपनी मां मोहिनी देवी के घर गया। घर में घुसते ही उसने बहन निरमा पर चार-पांच गोलियां चला दी और मां को मारने के लिए दौड़ा। आरोपी की मां मोहिनी देवी ने पड़ोसी की छत पर छुपकर अपनी जान बचाई। उसके बाद आरोपी वापस नीचे गया और निरमा पर फिर से गोली दाग दी और वहां से फरार हो गया। मोहनी देवी की रिपोर्ट पर थाना बनाड़ पर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
डीसीपी यादव ने बताया कि सूचना पर बनाड़ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मृतका निरमा के शव को कब्जे में लेकर एफएसएल टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। डीसीपी ने बताया कि आरोपी ने घटना के बाद से ही मोबाइल बंद कर रखा था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस ने आरोपी श्रवण राम को घटना के 72 घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।