Rajasthan: लालसोट में अनियंत्रित डंपर ने मचाई तबाही, पांच लोगों की मौत, दस घायल, ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
आज दोपहर करीब 12 बजे जिले के लालसोट में रोडी से भरा एक डम्पर ढलान पर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया, जिसके चलते हुए हादसे के कारण पांच लोगों की मौत हो गई और दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
दौसा जिले के लालसोट में एक अनियंत्रित डंपर ने ब्रेक फेल होने के कारण पांच लोगों को कुचल दिया, जिससे सभी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दस अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक है। डंपर ने मोटरसाइकिल सवारों को रौंदने के बाद एक खाली बस से टकराकर रुक गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार रोड़ी से भरा एक डंपर लालसोट घाटा बालाजी की ढलान से लालसोट की तरफ आ रहा था। तभी अचानक ब्रेक फेल होने की वजह से उसने कई मोटरसाइकिल सवारों को रौंद दिया। इसके बाद आगे जाकर एक बस को भी टक्कर मार दी। उसके कारण डम्पर की स्पीड धीमी हुई। गनीमत रही कि बस में कोई सवारी नहीं बैठी थी।
लालसोट एडिशनल एसपी दिनेश अग्रवाल ने बताया कि इस अनियंत्रित डम्पर ने लालसोट शहर में कुछ बाइक सवारों को टक्कर मारी, जिसके चलते पांच लोगों की मौत हो गई और 10 लोगों को लालसोट के जिला अस्पताल में भी भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इधर दुर्घटना से गुस्साए लोगों ने बड़ी संख्या में लालसोट थाने का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है और थाने पर प्रदर्शन लगातार जारी है, जहां हजारों की संख्या में लोगों ने थाने के सामने रोड जाम किया हुआ है।
इस भीषण सड़क हादसे को राजस्थान के राज्यपाल हरी भाऊ बागडे राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने दुख व्यक्त करते हुए आत्मा की शांति के लिए भगवान प्रार्थना की। साथ ही घायलों को जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है। पुलिस ने लालसोट थाने के सामने जाम लगा कर बैठे लोगों को समझकर जाम हटवा दिया है।
वहीं, राजस्थान के मुख्यमंत्री ने अपने सोशल एक्स पर संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा कि दौसा जिले में हुए भीषण सड़क दुर्घटना में जनहानि एवं कई नागरिकों के घायल होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित एवं त्वरित चिकित्सीय उपचार सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिए गए हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान व घायलों को अति शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.