सीएस राजन बनाए जा सकते हैं राजस्थान के मुख्य सचिव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा की ओर से कांग्रेस के कार्यकर्ता के रूप में काम करने के आरोप से आहत होकर लंबी छुट्टी के लिए गए मुख्य सचिव सीके मैथ्यू की जगह अतिरिक्त मुख्य सचिव सीएस राजन ले सकते हैं।
राजस्थान सरकार ने मैथ्यू की दो महीने की छुट्टी मंजूर कर दी और चुनाव आयोग को मुख्य सचिव बनाए जाने योग्य राजन सहित अतिरिक्त मुख्य सचिव बीबी मोहंती व उमराव सालोदिया के नाम भेजे हैं।
अब चुनाव आयोग नए मुख्य सचिव को लेकर शनिवार देर शाम या उसके अगले दिन फैसला ले सकता है।
जानकारी के अनुसार मुख्य सचिव के पद के लिए राज्य सरकार की ओर से भेजे गए नामों में से चुनाव आयोग को किसी एक पर विचार करना है। चुनाव आयोग तीनों अधिकारियों के पिछले रिकॉर्ड का बारीकी से अध्ययन करेगा।
सूत्रों ने बताया कि भेजे गए नामों में से बीबी मोहंती सबसे वरिष्ठ हैं, लेकिन वे दो-तीन बार एपीओ हो चुके हैं।
इधर, सीएस राजन, उमराव सालोदिया से वरिष्ठ हैं और उनका पिछला रिकॉर्ड भी बेहतर है। ऐसे में माना जा रहा है कि अगले मुख्य सचिव पद का भार अब राजन सम्भालेंगे।
गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व भाजपा ने मुख्य सचिव पर कांग्रेस के एजेंट के रूप में काम करने के आरोप लगाए थे। इन आरोपों से व्यथित होकर मुख्य सचिव ने चुनाव के बाद ही काम पर लौटने की मंशा से कार्मिक विभाग को लंबी छुट्टी की अर्जी दे दी थी।
राज्य सरकार ने एक पत्र लिखकर चुनाव आयोग से मुख्य सचिव की लंबी छुट्टी की अर्जी पर मार्गदर्शन मांगा था लेकिन चुनाव आयोग ने राज्य सरकार को इसके जवाब में कहा था कि सरकार ही तय करे कि छुट्टी मंजूर की जाए या नहीं, यदि वह मुख्य सचिव की छुट्टी मंजूर करती है, तो तीन ऐसे अधिकारियों के नाम भेजे जाएं, जो इस पद को संभाल सकते हैं।