{"_id":"6a83069db0d5c4a81100df1a","slug":"major-accident-during-ercp-construction-in-bundi-bundi-news-c-1-1-noi1554-4620277-2026-08-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bundi News: निर्माणाधीन ईआरसीपी प्लांट में बड़ा हादसा, एक-एक कर गिरीं तीनों चिमनियां; एक मजदूर की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bundi News: निर्माणाधीन ईआरसीपी प्लांट में बड़ा हादसा, एक-एक कर गिरीं तीनों चिमनियां; एक मजदूर की मौत
Mon, 17 Aug 2026 07:48 PM IST
बूँदी ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बूंदी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बूंदी
Published by: बूँदी ब्यूरो
Updated Mon, 17 Aug 2026 07:48 PM IST
सार
बूंदी के गुहाटा गांव में निर्माणाधीन ईआरसीपी प्लांट की कंस्ट्रक्शन यूनिट में तीन चिमनियां गिरने से दो मजदूर घायल हो गए। कोटा में इलाज के दौरान सावरिया गुर्जर की मौत हो गई, जबकि राम मुकेश नागर की हालत गंभीर है। प्रशासन ने जांच शुरू की।
विज्ञापन
निर्माणाधीन ईआरसीपी प्लांट में बड़ा हादसा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बूंदी के गुहाटा गांव में निर्माणाधीन ईआरसीपी प्लांट की कंस्ट्रक्शन यूनिट में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। यूनिट में लगी तीनों चिमनियां (सोयला) एक-एक कर नीचे गिर गईं। चिमनियों की चपेट में आने से वहां काम कर रहे दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। दोनों घायलों को तत्काल रेस्क्यू कर उपचार के लिए कोटा ले जाया गया, जहां देर शाम उपचार के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार गुहाटा गांव में ईआरसीपी परियोजना के निर्माण कार्य के तहत कंस्ट्रक्शन यूनिट में चिमनियां लगी हुई थीं। सोमवार को अचानक एक चिमनी से संबंधित उपकरण में तकनीकी खराबी आने के बाद वह गिर गई। इसके बाद एक-एक कर तीनों चिमनियां नीचे आ गिरीं। अचानक हुए हादसे से मौके पर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
विज्ञापन
लंच के समय हुआ हादसा, टला बड़ा नुकसान
बताया जा रहा है कि हादसे के समय मध्याह्न भोजन अवकाश चल रहा था। इसके चलते सामान्य समय की तुलना में मौके पर मजदूरों की संख्या कम थी। इसी वजह से बड़ा जनहानि का हादसा टल गया। हालांकि चिमनियों की चपेट में आने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में सावरिया गुर्जर (20) निवासी दुगार, जिला चित्तौड़गढ़ और राम मुकेश नागर (38) निवासी जजावर, जिला बूंदी घायल हुए। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तत्काल दोनों को मलबे से बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता के बाद उपचार के लिए कोटा भेजा।
विज्ञापन
पढे़ं; पीएम मोदी के 'दिमागी नक्सली' वाले बयान पर भड़के सांसद रोत; कहा- ये निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है
इलाज के दौरान एक मजदूर ने तोड़ा दम
दोनों घायलों को कोटा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। देर शाम उपचार के दौरान सावरिया गुर्जर की मौत हो गई। वहीं राम मुकेश नागर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।
प्रशासन-पुलिस की टीम पहुंची मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही लाखेरी के नायब तहसीलदार जगदीश शर्मा मौके पर पहुंचे। देईखेड़ा पुलिस थाने से भी पुलिस जाप्ता घटनास्थल पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो देर शाम तक घटनास्थल पर मौजूद रही।
हादसे के कारणों की होगी जांच
तीनों चिमनियों के एक के बाद एक गिरने से निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। प्रारंभिक तौर पर एक उपकरण के काम करना बंद करने के बाद चिमनी गिरने की बात सामने आ रही है। हालांकि हादसे का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। प्लांट मैनेजर श्री निवास रेड्डी ने घटना के कारणों की जांच कराने की बात कही है। प्रशासन और पुलिस द्वारा भी घटनास्थल से आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।