फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Bundi Municipal Council Chairman Election

निकाय चुनाव: बूंदी सभापति चुनाव में सस्पेंस बरकरार, भाजपा ने तीन नामांकन भरवाकर बंद लिफाफे में जमा कराया सिंबल

Wed, 16 Sep 2026 05:47 PM IST
बूँदी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बूंदी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बूंदी Published by: बूँदी ब्यूरो Updated Wed, 16 Sep 2026 05:47 PM IST
सार

बूंदी नगर परिषद सभापति चुनाव में भाजपा ने भरत शर्मा, सुरेश अग्रवाल और संजय भूटानी के नामांकन दाखिल करवाए, लेकिन अधिकृत प्रत्याशी का नाम बंद लिफाफे में रखा है। कांग्रेस ने टीकम जैन को उम्मीदवार बनाया है। अंतिम तस्वीर जांच और नाम वापसी के बाद साफ होगी।

विज्ञापन
Bundi Municipal Council Chairman Election
बूंदी नगर परिषद सभापति चुनाव में सस्पेंस बरकरार - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

नगर परिषद सभापति पद के चुनाव को लेकर बूंदी में सियासी हलचल तेज हो गई है। नामांकन के अंतिम दिन भाजपा ने सभापति पद के लिए तीन दावेदारों पार्षद भरत शर्मा, सुरेश अग्रवाल और संजय भूटानी के नामांकन दाखिल करवाए। हालांकि, भाजपा ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि इनमें से किसे अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी की ओर से सभापति पद का सिंबल बंद लिफाफे में रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष जमा कराया गया है। ऐसे में अंतिम प्रत्याशी के नाम को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।

विज्ञापन

बूंदी नगर परिषद के 60 वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा ने 29 वार्डों में जीत दर्ज की थी। कांग्रेस के 20 और निर्दलीय प्रत्याशियों के 11 पार्षद निर्वाचित हुए थे। चुनाव परिणाम के बाद छह निर्दलीय पार्षदों के भाजपा के साथ आने से भाजपा समर्थित पार्षदों की संख्या 35 हो गई। सभापति पद के लिए बहुमत का आंकड़ा 31 है।

विज्ञापन

भाजपा के तीनों दावेदारों ने पार्टी की ओर से नामांकन दाखिल करने के लिए अधिकृत किए जाने पर शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व जिस नाम को सभापति पद के लिए आगे करेगा, उसे सभापति बनाने के लिए सभी मिलकर काम करेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

नामांकन के दौरान भाजपा के चुनाव प्रभारी महेश विजय, जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। भाजपा चुनाव प्रभारी महेश विजय ने बताया कि पार्टी के निर्देश पर सुरेश अग्रवाल, भरत शर्मा और संजय भूटानी के आवेदन जमा करवाए गए हैं। जयपुर से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे की प्रक्रिया होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास बहुमत है।


पढे़ं: कोटा में पुनर्मतदान के दौरान भाजपा-कांग्रेस के कार्यकर्ता भिड़े, बूथ पर चले लात-घूंसे; एक घायल

इधर, कांग्रेस ने बहुमत का आंकड़ा नहीं होने के बावजूद सभापति पद के लिए टीकम जैन को उम्मीदवार बनाया है। टीकम जैन ने विधायक हरिमोहन शर्मा और कांग्रेस पार्षदों की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस की ओर से चुनाव में जीत का दावा किया गया है।

रिटर्निंग अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा ने बताया कि सभापति पद के लिए कांग्रेस की ओर से एक और भाजपा की ओर से तीन नामांकन दाखिल किए गए हैं। किसी निर्दलीय प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। दोनों प्रमुख दलों की ओर से सिंबल भी जमा कराया गया है। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद अंतिम सूची स्पष्ट होगी।

अब बूंदी में सबसे ज्यादा नजर भाजपा के बंद लिफाफे में जमा सिंबल पर है। तीन नामांकन दाखिल होने के बाद पार्टी अंतिम रूप से किस नाम पर मुहर लगाती है, इसका इंतजार है। अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा के बाद ही सभापति चुनाव की तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।

जिले की अन्य नगर पालिकाओं का अपडेट

लाखेरी नगर पालिका: कांग्रेस से पवन गोयनका ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। भाजपा से राकेश सैनी, मोहनलाल और नरेंद्र सिंह ने नामांकन दाखिल किया।

इंद्रगढ़ नगर पालिका: भाजपा से बीना शर्मा और कांग्रेस से ऋतु जैन हरकारा ने नामांकन दाखिल किया। अंजू राजावत ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया।

कापरेन नगर पालिका: कांग्रेस से सुनीता ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया।

नैनवां नगर पालिका: भाजपा की ओर से देवकी बाई, पुखराज ओसवाल और प्रमोद जैन ने नामांकन दाखिल किया। देवकी बाई को भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाए जाने की जानकारी है। वहीं, दिलखुश पोटर ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस की ओर से कृष्णा मित्तल ने भी नामांकन दाखिल किया।

हिंडोली नगर पालिका: भाजपा से लोकेश सैनी ने रिटर्निंग अधिकारी शिवराज मीणा के समक्ष नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष कल्याण सिंह सोलंकी, प्रस्तावक जगदीश मीणा और एडवोकेट गोविंद माहेश्वरी मौजूद रहे। कांग्रेस से हनुमान व्यास ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। अब नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पर नजर है। इसके बाद जिले की सभी नगर निकायों में अध्यक्ष और सभापति पद के चुनाव की अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed