Rajasthan News: बीकानेर बॉर्डर पर मिला ‘पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस’ लिखा गुब्बारा, पुलिस जांच में जुटी
Bikaner News: बीकानेर के छतरगढ़ क्षेत्र में ‘पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस’ लिखा गुब्बारा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने गुब्बारा कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पूर्व में भी ऐसे गुब्बारे मिल चुके हैं। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ एजेंसियों को सौंपा जाएगा।
विस्तार
बीकानेर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र छतरगढ़ से एक बार फिर संदिग्ध गतिविधि से जुड़ी खबर सामने आई है। छतरगढ़ थाना क्षेत्र के कंकराला गांव में ग्रामीणों को एक गुब्बारा मिला, जिस पर स्पष्ट रूप से ‘पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस’ लिखा हुआ है। गुब्बारा मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
ग्रामीणों ने खेतों और आबादी क्षेत्र के नजदीक यह गुब्बारा पड़ा देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही छतरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस गुब्बारे की स्थिति, उस पर लिखे शब्दों और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच कर रही है।
पहले भी मिल चुके हैं ऐसे गुब्बारे
बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब छतरगढ़ या बीकानेर के सीमावर्ती इलाकों में इस तरह के गुब्बारे मिले हों। इससे पहले भी कई बार बॉर्डर क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से भेजे गए गुब्बारे बरामद हो चुके हैं। कई मामलों में इन गुब्बारों पर अलग-अलग कंपनियों, संस्थानों या पाकिस्तान से जुड़े नाम लिखे पाए गए हैं।
पढ़ें- खेजड़ी बचाओ आंदोलन: सरकार अलर्ट पर, बड़ी घोषणा की संभावना; जयपुर से मंत्री बीकानेर धरनास्थल के लिए रवाना
सुरक्षा एजेंसियां रहती हैं सतर्क
जानकारों के अनुसार, सीमा पार से ऐसे गुब्बारे अक्सर सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान भटकाने, क्षेत्र में भ्रम फैलाने या किसी संदिग्ध गतिविधि को अंजाम देने की मंशा से भेजे जाते हैं। ऐसे मामलों में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो जाती हैं, क्योंकि कई बार इन गुब्बारों के साथ संदिग्ध सामग्री, संदेश या तकनीकी उपकरण भी जुड़े हो सकते हैं।
थाना प्रभारी ने क्या बताया?
छतरगढ़ थाना प्रभारी नवनीत सिंह ने बताया कि फिलहाल गुब्बारे की जांच की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर इसे सुरक्षा एजेंसियों और विशेषज्ञ टीम को सौंपा जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.