Rajasthan: भीलवाड़ा में मंदिर के सामने आपत्तिजनक चीज फेंकने के मामले में तनाव, पुलिस ने आठ को हिरासत में लिया
भीलवाड़ा शहर में सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने की नापाक कोशिश की गई है। गांधी सागर तालाब के पास वीर हनुमान मंदिर के बाहर एक गाय की पूंछ काटकर मंदिर के गेट पर फेंक दी गई। हिंदू संगठनों का आरोप है कि यह घटना जानबूझकर शहर का माहौल बिगाड़ने के लिए की गई है। पुलिस ने मामले में दूसरे दिन आठ लोगों को डिटेन किया है।
विस्तार
भीलवाड़ा में रविवार को हनुमान मंदिर के बाहर गाय की कटी पूंछ मिलने की घटना ने शहर में तनाव के परिणामस्वरूप सोमवार को हिन्दू संगठनों की पुलिस प्रशासन के साथ वार्ता हुई। इस वार्ता में पुलिस ने आठ संदिग्धों को डिटेन करने की जानकारी दी। इस सूचना के बाद हिन्दू संगठनों ने अपना धरना समाप्त कर दिया, लेकिन शहर में स्थिति अब भी तनावपूर्ण बनी हुई है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजन दुष्यंत ने हिन्दू संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ हुई वार्ता में बताया कि पुलिस ने मंदिर के आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की है। इस जांच के आधार पर दो व्यक्तियों के संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने के संकेत मिले हैं। कुल आठ लोगों को डिटेन किया गया है। एसपी ने यह भी आश्वासन दिया कि पुलिस इस मामले में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वार्ता के दौरान कलेक्ट्रेट के बाहर हिन्दू संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्र हो गए और नारेबाजी करने लगे। इस दौरान, कुछ कार्यकर्ताओं ने गायत्री आश्रम और भवानी नगर के इलाकों में दुकानों को बंद कराने का प्रयास किया। वार्ता के समाप्त होने के बाद भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी और महामंडलेश्वर हंसराम महाराज ने एकत्र लोगों को पुलिस द्वारा दी गई जानकारी से अवगत कराया। इसके बाद, गुस्साए युवा कार्यकर्ताओं ने बाजार बंद करवाने के लिए बस स्टैंड की ओर कूच किया पर पुलिस ने खदेड़ दिया।
महामंडलेश्वर हंसराम महाराज और विधायक अशोक कोठारी का बयान
महामंडलेश्वर हंसराम महाराज ने वार्ता के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हिन्दू समाज अब जागरूक हो गया है और वह ऐसे कृत्यों को सहन नहीं करेगा। उन्होंने मांग की कि दोषियों की पहचान के बाद उनके खिलाफ यूपी के बुलडोजर मॉडल की तर्ज पर कार्रवाई की जानी चाहिए। विधायक अशोक कोठारी ने भी शहर में शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन युवा कार्यकर्ताओं की भीड़ अविलंब कार्रवाई की मांग पर अड़ी रही। महामंडलेश्वर हंसराम महाराज ने पुलिस से आग्रह किया कि दोषियों की संपत्ति पर बुलडोजर चलाने जैसी कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस ने किया बल प्रयोग
महामंडलेश्वर हंसराम महाराज और विधायक अशोक कोठारी की अपील के बावजूद, कुछ कार्यकर्ताओं ने बाजार बंद कराने की कोशिश की। इस दौरान, कृषि मंडी के सामने पुलिस ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वे नहीं माने, तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। इसके बावजूद, भीड़ ने परशुराम सर्किल पर फिर से जुटने का प्रयास किया। इस दौरान, अजमेर रोड पर कुछ तोड़फोड़ की घटनाओं की भी खबरें आई हैं।
ये है मामला
उल्लेखनीय है कि रविवार को बडला चैराहा से भवानी नगर के बीच स्थित वीर हनुमान मंदिर के प्रवेश द्वार पर एक गाय की कटी हुई पूंछ मिली और गाय भी लहूलुहान हालत में पाई गई। इस घटना ने स्थानीय लोग और हिन्दू संगठनों ने मौके पर पहुंचकर प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुट गए।
आगे की कार्रवाई और शहरवासियों की अपील
पुलिस प्रशासन ने हिन्दू संगठनों को आश्वासन दिया है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा। एसपी राजन दुष्यंत ने कहा कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी भी स्थिति को संभालने के लिए पूरी तरह से तैयार है और शहर में शांति बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
इस घटना के बाद, भीलवाड़ा शहर में तनाव का माहौल है पर स्थिति नियंत्रण में है। जिला कलेक्टर नमित मेहता और पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने सभी पक्षों से शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस को दो दिन का समय देने को तैयार नहीं हुए युवा, जगह-जगह प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
महामंडलेश्वर हंसराम और विधायक अशोक कोठारी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत से इस मामले में पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने इस घटना को लेकर बताया की सीसी टीवी फुटेज खंगाले और गहनता से जांच की, इसके बाद आठ संदिग्धों को डिटेन किया गया। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने आज पुलिस के जन्माष्टमी का त्योहार के चलते व्यस्त होने से आज और कल के लिए और समय मांगा। इस पर दो दिन की सहमति बनी।
महामंडलेश्वर हंसराम व विधायक कोठारी ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात के बाद जेल चौराहे पर पहुंच कर जुटी भीड़ को पुलिस अधीक्षक के साथ हुई वार्ता से अवगत करवाया, लेकिन भीड़ में शामिल युवा पुलिस को दिए दो दिन के समय से राजी नहीं हुए और बाजार बंद करवाने निकल पड़े। ऐसे में पुलिस ने स्थिति को भांपते हुए अधीक्षण अभियंता कार्यालय के सामने भीड़ को घेर लिया और समझाइश की, लेकिन भीड़ ने पुलिस की नहीं सुनी। इस पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर सभी को खदेड़ दिया। यहां से भीड़ में शामिल हुड़दंगी पुनरू जेल तिराहे पर जमा हो गए। पुलिस ने हुड़दंगियों को भी शांति बनाए रखने के लिए समझाइश कर वहां से जाने के लिए कहा, लेकिन जब वे नहीं माने तो पुलिस ने दोबारा लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। यह भीड़ आरके कॉलोनी में घुस गई और लाठीचार्ज के विरोध में पुलिस पर पथराव भी किया।
धरना समाप्त नहीं किया तो बरसाईं लाठियां
लाठीचार्ज के कुछ समय बाद कुछ प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट के सामने पहुंचे और धरने पर बैठे गए। इन युवकों को पुलिस ने धरना खत्म करने के लिए कहा, लेकिन जब हुड़दंगियों ने धरना समाप्त नहीं किया तो यहां से भी पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया। यहां से भागे हुड़दंगी शाम की सब्जी मंडी में घुस गए, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। हुड़दंगियों ने यहां भी पुलिस पर पत्थर फेंके। इससे जिला विशेष शाखा में तैनात एक पुलिसकर्मी चोटिल हुआ। इस पर पुलिस ने भी लाठी चार्ज किया। इसे लेकर सब्जीमंडी क्षेत्र के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। हंगामे को देखते हुए बाजार नंबर दो, गोल प्याऊ चैराहा, नेताजी सुभाष मार्केट, गांधी बाजार, नागौरी गार्डन, स्टेशन रोड सहित विभिन्न इलाकों में अधिकांश दुकानें बंद कर दी गईं। शाम की सब्जी मंडी सहित अन्य क्षेत्रों में अधिकांश दुकानें बंद रहीं। स्थिति को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। वहीं बाजारों में पुलिस गश्त कर स्थिति पर निगाह रखे हुए है।
इस मामले में शांति कायम करने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत और जिला कलेक्टर नमित मेहता ने आमजन से अपील की है कि शांति व्यवस्था कायम रखे आरोपियों के खिलाफ सख्ती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।