{"_id":"6aa966b7ccf293936903f449","slug":"assistant-engineer-arrested-for-taking-a-bribe-in-bharatpur-43-lakh-in-cash-found-at-his-home-2026-09-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"भरतपुर में रिश्वत लेते सहायक अभियंता गिरफ्तार: घर से 43 लाख नकदी मिली, 20 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां बरामद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भरतपुर में रिश्वत लेते सहायक अभियंता गिरफ्तार: घर से 43 लाख नकदी मिली, 20 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां बरामद
Tue, 15 Sep 2026 09:09 PM IST
शबाहत हुसैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भरतपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भरतपुर
Published by: शबाहत हुसैन
Updated Tue, 15 Sep 2026 09:09 PM IST
सार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने भुसावर पंचायत समिति के सहायक अभियंता गोविंद प्रसाद को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। घर की तलाशी में 43.38 लाख रुपये नकद, करीब 20 किलो चांदी और कई अचल संपत्तियों के दस्तावेज बरामद हुए।
विज्ञापन
अपराध
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने पंचायत समिति भुसावर के सहायक अभियंता गोविंद प्रसाद को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार करने के बाद उनके आवास पर छापा मारा। जांच के दौरान आरोपी अभियंता के घर से 43,38,500 रुपये की नकद राशि और लगभग 20 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां बरामद हुई हैं। इसके अलावा, आरोपी के पास से जयपुर और हिंडौन सहित विभिन्न स्थानों पर स्थित कई अचल संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले हैं। इस बड़ी बरामदगी के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम आरोपी अधिकारी की संपत्ति और आय के स्रोतों का पता लगा रही है।
विज्ञापन
रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की भरतपुर इकाई को भुसावर पंचायत समिति में कार्यरत सहायक अभियंता गोविंद प्रसाद के खिलाफ शिकायत मिली थी। आरोपी ने एक संवेदक से उसकी माप पुस्तिका और कार्यपूर्णता प्रमाण पत्र का सत्यापन करने के बदले 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद जांच एजेंसी की विशेष टीम ने को जाल बिछाया। पुलिस निरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने संवेदक को रिश्वत की राशि देकर भेजा। जैसे ही आरोपी गोविंद प्रसाद ने भुसावर स्थित कार्यालय में रिश्वत की राशि स्वीकार की, घात लगाकर बैठी टीम ने उसे तुरंत रंगे हाथ पकड़ लिया। हाथ धुलवाने पर रासायनिक जांच में रंग गुलाबी होने पर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
विज्ञापन
पढ़ें; पाई-पाई रिश्वत लेकर खड़ा किया करोड़ों का साम्राज्य, धरा गया; 20 किलो चांदी बरामद
विज्ञापन
घर से मिला बेहिसाब खजाना
गिरफ्तारी के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के पर्यवेक्षण और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह के निर्देशन में आरोपी के आवास की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अधिकारियों को 43,38,500 रुपये नकद मिले। इस नकदी में 500-500 रुपये के नोटों की 86 गड्डियां और 500 रुपये के 77 अलग-अलग नोट शामिल थे। नकद राशि के साथ मकान से लगभग 20 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां भी बरामद हुईं। आरोपी के पास से हिंडौन में दो दुकानों, जयपुर के मानसरोवर में स्थित हाउसिंग बोर्ड के एक मकान और अन्य कई भू-संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं।
संपत्ति के दस्तावेज की जांच
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की महानिरीक्षक एस परिमला के पर्यवेक्षण में आरोपी अधिकारी से लगातार पूछताछ चल रही है। जांच एजेंसी आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कर रही है। अधिकारी इस बात की गहनता से पड़ताल कर रहे हैं कि बरामद हुई संपत्तियां आरोपी के नाम पर दर्ज हैं या किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर खरीदी गई हैं। साथ ही इन संपत्तियों को खरीदने के लिए इस्तेमाल किए गए धन के वास्तविक स्रोतों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।