फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Bharatpur News ›   Bharatpur instructions CM Bhajanlal Sharma exercise to give new look city has begun CSIR conduct survey

Bharatpur: CM के निर्देश पर शहर को नया रूप देने की कवायद शुरू, CSIR वैज्ञानिक चौराहों-घरों में जा करेंगे सर्वे

Fri, 18 Oct 2024 09:30 PM IST
अरविंद कुमार न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, भरतपुर
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, भरतपुर Published by: अरविंद कुमार Updated Fri, 18 Oct 2024 09:30 PM IST
सार

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर भरतपुर शहर को नया रूप देने की कवायद शुरू हो गई है। सीएसआईआर के वैज्ञानिकों के नेतृत्व में टीम चौराहों और घरों में जाकर सर्वे करेगी।

विज्ञापन
Bharatpur instructions CM Bhajanlal Sharma exercise to give new look city has begun CSIR conduct survey
प्लान के बारे में जानकारी लेते हुए - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

भरतपुर संभाग मुख्यालय अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश के बाद शहर को नया रूप देने की कवायद शुरू हो चुकी है। इसके लिए दिल्ली से आई टीम ने शुक्रवार को पहली बार जिला कलेक्ट्रेट में कलेक्टर के साथ मीटिंग की और प्लान के बारे में जानकारी ली। केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान की टीम द्वारा शहर का व्यापक यातायात प्लान तैयार करने के लिए जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में सीएसआईआर की टीम एवं प्रमुख विभागों के अधिकारियों की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।

विज्ञापन


नगर विकास न्यास द्वारा शहर के यातायात प्लान तैयार करने के लिए केन्द्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान को कार्यादेश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में शहर का व्यापक यातायात प्लान तैयार करने के लिए केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान की टीम लगातार एक महीने तक शहर में भ्रमण कर प्रमुख चौराहों, तिराहों, भीड़ के स्थानों, प्रमुख सड़कों के साथ घर-घर जाकर नागरिकों से यातायात एवं दिनचर्या के संबंध में सर्वे कर व्यापक रूप से सुव्यवस्थित एवं दुर्घटना रहित यातायात प्लान तैयार करने के लिए रिपोर्ट देंगे।
विज्ञापन




जिला कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप शहर के यातायात प्लान को इस तरह तैयार किया जाएगा, जिससे प्रदूषण मुक्त, दुर्घटना रहित एवं सुगम यातायात की सुविधा आम नागरिकों को मिल सके। बैठक में केंद्नीय योजना एवं पर्यावरण विभाग सीएसआईआर के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. चालूमूरी रविशेखर, मुख्य वैज्ञानिक डॉ. एस वीमूरुकल, सचिव नगर विकास न्यास ऋषभ मंडल, आईएएस प्रशिक्षु राहुल श्रीवास्तव, सहायक पुलिस अधीक्षक पंकज यादव, नगर विकास न्यास, नगर निगम, परिवहन विभाग, रोडवेज और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। 
विज्ञापन
विज्ञापन


आमजन से अपील
जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की है कि शहर के सुव्यवस्थित, दुर्घटना रहित एवं सुगम यातायात व्यवस्था के लिए किए जा रहे केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान की टीम द्वारा शहर का व्यापक यातायात प्लान के सर्वे में सक्रियता से भागीदारी निभाकर टीम के सदस्यों को सहयोग दें। उन्होंने कहा कि टीम द्वारा चौराहों, फुटपाथ, सड़कों पर सर्वे के दौरान पूछी जाने वाली जानकारी को स्पष्ट रूप से बताएं। घर-घर जाकर सर्वे के दौरान ली जाने वाली जानकारी का उपयोग भी केवल यातायात प्लान तैयार करने के लिए किया जाएगा। सत्यता के साथ जानकारी दें, इसे अन्य उपयोग में नहीं लिया जाएगा। उन्होंने शहर के प्रबुद्ध, बस-ऑटो यूनियन, जनप्रतिनिधियों को भी यातायात प्लान की सर्वे टीम को सुझाव देकर सहयोग करने का आव्हान किया है।

चौराहों पर करेंगे यातायात दबाव का सर्वे
केंद्नीय सड़क अनुसंधान संस्थान की टीम द्वारा शहर के 10 चौराहों-तिराहों पर प्रत्येक दिशा में 500 मीटर तक यातायात दबाव का आंकलन, टर्निंग मूवमेंट सर्वे, रोड इन्वेंटरी सर्वे किया जाएगा, जिसमें सुबह-शाम के पीक ऑवर में यातायात दबाव का डेटा एकत्रित किया जाएगा। इससे शहर के चौराहों की री-डिजाइनिंग एवं यातायात के सुव्यवस्थित संचालन के संबंध में निर्माण की कार्य योजना बनाई जाएगी।

घर-घर सर्वे कर लेंगे जानकारी
टीम द्वारा शहर में तीन हजार से अधिक घरों में जाकर घर-घर सर्वे किया जाएगा, जिसमें केन्द्रीय सड़क अनुसंधान के मानकों के प्रोफॉर्मा का उपयोग करते हुए चयनित आवासीय क्षेत्रों में नागरिकों के यात्रा व्यवहार और आर्थिक सर्वे के बारे में प्रश्न-उत्तर किए जाएंगे, जिसमें यात्रा प्रारंभ करने के गंतव्य स्थान तक पहुंचने वाला समय, यात्रा में उपयोग लिए गए वाहन की जानकारी, परिवार द्वारा यात्रा में व्यय किए जाने वाली राशि आदि के बारे में जनसंख्या के आधार पर सर्वे कर नमूना एकत्रित किया जाएगा। इससे शहर में सार्वजनिक यातायात प्रणाली में सुधार करने एवं प्रमुख मार्ग, यातायात दबाव के स्थलों तक सुगम यातायात के बारे में समिति सुझाव दे सकेगी।

केंद्रीय टीम द्वारा पैदल यात्रा सर्वे
टीम द्वारा शहर में सड़क पर चलने वाले, सड़क पैदल पार करने वाले नागरिकों की गिनती की जाकर संबंधित दबाव के क्षेत्रों में दुर्घटना रहित यातायात संचालन के लिए सड़क निर्माण की तकनीकी के संबंध में सुझाव दिए जाएंगे, जिससे सुबह एवं शाम के व्यस्त समय में नागरिक आसानी से सड़क पर चल सकें अथवा सड़क पार कर सकें। समिति द्वारा चिन्हित पार्किंग स्थलों पर पार्किंग सुविधा एवं पब्लिक वाहनों की पार्किंग के लिए स्थान चिन्हित कर सुझाव दिए जाएंगे। इसी प्रकार शहर में साइकिल एवं रिक्शा का उपयोग करने वालों से भी सर्वे कर जानकारी ली जाएगी, जिससे शहर में साइकिल ट्रैक एवं सुव्यवस्थित फुटपाथ के संबंध में निर्णय किए जा सकें।

वाहन चालकों से लेंगे जानकारी
केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान की टीम द्वारा शहर में संचालित दोपहिया वाहन, ऑटो, बस और अन्य पब्लिक वाहनों के चालकों से प्रश्न वाचक सर्वे कर आवागमन का समय, प्रतिदिन उपयोग में लिए जाने वाला ईंधन एवं व्यवहारिक स्थिति, कार्य का दबाव आदि के बारे में जानकारी ली जाएगी। शहर में आने वाले मालवाहक वाहनों के चालकों से भी इसी प्रकार जानकारी ली जाएगी। आवागमन के समय विलंब, गति सीमा आदि के बारे में भी जानकारी एकत्रित की जाएगी।


भरतपुर के निवासी हैं प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 
भरतपुर के निवासी और प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पिछले दिनों भरतपुर आए थे। यहां पर उन्होंने मिनी बस में बैठकर विधायकों के साथ पूरे शहर का अवलोकन किया था। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक चौराहे पर रुके और वहां की लोकेशन चेक की और वहां के बारे में फीडबैक भी लिया। चूंकि  मुख्यमंत्री भरतपुर जिले के ही निवासी हैं तो उनको यहां के बारे में ज्यादा जानकारी है। उसी के अनुसार यह पूरा प्लान तैयार किया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed