{"_id":"6aaff1dc3477ac81db03ed17","slug":"there-will-be-a-direct-contest-for-the-post-of-head-in-all-five-civic-bodies-of-vagad-banswara-news-c-1-1-noi1402-4746846-2026-09-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"राजस्थान: बांसवाड़ा से डूंगरपुर तक अध्यक्ष की कुर्सी का फैसला, कहीं भाजपा मजबूत तो कहीं निर्दलीय अहम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राजस्थान: बांसवाड़ा से डूंगरपुर तक अध्यक्ष की कुर्सी का फैसला, कहीं भाजपा मजबूत तो कहीं निर्दलीय अहम
Sun, 20 Sep 2026 09:39 PM IST
बांसवाड़ा ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांसवाड़ा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांसवाड़ा
Published by: बांसवाड़ा ब्यूरो
Updated Sun, 20 Sep 2026 09:39 PM IST
सार
वागड़ के पांच निकायों में सोमवार को सभापति और अध्यक्ष पद के लिए मतदान होगा। बांसवाड़ा, डूंगरपुर और सागवाड़ा में भाजपा मजबूत स्थिति में है, जबकि कुशलगढ़ और परतापुर-गढ़ी में निर्दलीय पार्षद चुनाव का रुख तय कर सकते हैं।
विज्ञापन
नगर परिषद भवन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नगर निकाय चुनाव के अंतर्गत सोमवार को सभापति और अध्यक्ष पद के चुनाव होंगे। वागड़ की बांसवाड़ा और डूंगरपुर नगर परिषद तथा कुशलगढ़, परतापुर-गढ़ी और सागवाड़ा नगरपालिका में भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला होगा। चुनाव की प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विज्ञापन
बांसवाड़ा में भाजपा की जीत लगभग तय
बांसवाड़ा नगर परिषद में सोमवार सुबह 10 बजे अंबेडकर भवन में सभापति पद के लिए मतदान होगा। यहां भाजपा के मुकेश रावत और कांग्रेस के गौतम मईड़ा के बीच मुकाबला है। 60 वार्डों के चुनाव में भाजपा को 34, कांग्रेस को 22 सीटें मिली थीं। चार सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी जीते थे, लेकिन दो निर्दलीयों अर्जुन मकवाना और लोकेंद्र वैष्णव ने भाजपा की सदस्यता ले ली है। ऐसे में भाजपा की जीत तय मानी जा रही है।
विज्ञापन
डूंगरपुर में गुप्ता की जीत पर मुहर!
डूंगरपुर में भाजपा ने पूर्व सभापति केके गुप्ता की पत्नी सुशीला गुप्ता को सभापति पद का उम्मीदवार बनाया है। उनके सामने पार्टी के ही पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभु पंड्या ने नामांकन दाखिल किया था। पंड्या के नाम वापस लेने के बाद सुशीला गुप्ता की जीत तय मानी जा रही है। डूंगरपुर के 40 वार्डों में भाजपा के 24 पार्षद हैं। कांग्रेस ने 12, बीएपी ने तीन और निर्दलीय ने एक सीट जीती है। कांग्रेस की ओर से भरत नागदा सभापति पद के उम्मीदवार हैं।
विज्ञापन
कुशलगढ़ में निर्दलीय के भरोसे भाजपा
कुशलगढ़ नगरपालिका के 20 वार्डों में भाजपा ने 10 और कांग्रेस ने नौ सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा से बगावत कर वार्ड 20 से नरेश गादिया निर्दलीय चुनाव जीते थे। पालिका में लगातार तीसरा बोर्ड बनाने के लिए भाजपा को गादिया के वोट की जरूरत है। पार्टी के अनुसार, गादिया ने समर्थन देने का वादा किया है, जिससे भाजपा राहत महसूस कर रही है। यहां भाजपा ने हितेष पडियार और कांग्रेस ने सुशीला प्रजापत को उम्मीदवार बनाया है।
परतापुर-गढ़ी में दो निर्दलीय तय करेंगे बाजी
परतापुर-गढ़ी नगरपालिका के 25 वार्डों में कांग्रेस ने 12 और भाजपा ने 11 सीटें जीती हैं। ऐसे में अध्यक्ष पद की बाजी दो निर्दलीय पार्षदों ममता राठौड़ और दिलीप जाधव के रुख पर निर्भर है। कांग्रेस ने दोनों निर्दलीयों के समर्थन का दावा किया था। इसके बाद एक पार्षद के छिटकने की जानकारी भी सामने आई थी, लेकिन कांग्रेस अपनी जीत को लेकर आश्वस्त है। कांग्रेस ने सुदीप पंचोरी और भाजपा ने सुनील आचार्य को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है।
सागवाड़ा में भाजपा के पास स्पष्ट बढ़त
डूंगरपुर जिले की सागवाड़ा नगरपालिका में भाजपा जीत को लेकर निश्चिंत है। कुल 35 सीटों में से भाजपा के पास 22 पार्षद हैं, जबकि कांग्रेस के पास आठ पार्षद हैं। चार वार्ड बीएपी ने जीते हैं। भाजपा ने आशा पाटीदार को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस से भूमिका पंचाल उम्मीदवार हैं।
सोमवार को होने वाले मतदान के बाद वागड़ के इन पांच निकायों में यह साफ हो जाएगा कि अध्यक्ष और सभापति की कुर्सी किसके हाथ जाएगी। जहां बांसवाड़ा, डूंगरपुर और सागवाड़ा में भाजपा मजबूत स्थिति में है, वहीं कुशलगढ़ और परतापुर-गढ़ी में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका अहम हो गई है।