अजमेर: कर्ज चुकाने के लिए टैक्सी लूटने का प्लान, रास्ते में ड्राइवर की हत्या; दो सगे भाई गिरफ्तार
अजमेर की गेगल थाना पुलिस ने टैक्सी ड्राइवर श्रीकांत तिवारी की हत्या के मामले में दो सगे भाइयों को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों कर्ज चुकाने के लिए कार लूटकर अंकलेश्वर में बेचने की योजना बना रहे थे।
विस्तार
अजमेर की गेगल थाना पुलिस ने टैक्सी ड्राइवर की हत्या के मामले में दो सगे भाइयों को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कर्ज में डूबे दोनों भाइयों ने कर्ज चुकाने के लिए टैक्सी लूटकर कार बेचने की योजना बनाई थी। दोनों आरोपियों ने टैक्सी ड्राइवर की हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि 21 सितंबर की सुबह सूचना मिली थी कि गगवाना पुलिया के पास एक लावारिस कार खड़ी है। कार की पिछली सीट पर एक व्यक्ति का शव पड़ा था। सूचना पर गेगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट को बुलाकर घटनास्थल और वाहन की जांच कराई गई।
मृतक की कार से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान श्रीकांत तिवारी निवासी दिबियापुर, जिला औरैया, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों ने बताया कि श्रीकांत टैक्सी ड्राइवर था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और संबंधित रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों को गाजियाबाद और दिल्ली भेजा गया।
पुलिस टीम ने तीन दिन तक गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली में आरोपियों के स्थानीय संपर्कों और गतिविधियों पर निगरानी रखी। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश देकर आरोपी कौशल सिंह पुत्र अजय सिंह और सूरज सिंह पुत्र अजय सिंह को खोड़ा, गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया।
कर्ज चुकाने के लिए बनाई लूट की योजना
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कर्ज में डूबे सूरज सिंह ने अपने बड़े भाई कौशल सिंह के साथ मिलकर कर्ज चुकाने के लिए टैक्सी लूटने की योजना बनाई थी। आरोपियों ने नोएडा से बड़ौदरा, गुजरात तक अर्टिगा टैक्सी सस्ती कीमत पर बुक की। उनकी योजना कार को लूटकर गुजरात के अंकलेश्वर में बेचने की थी। हालांकि, बड़ौदरा तक के रास्ते में टैक्सी ड्राइवर के सतर्क रहने के कारण आरोपियों को वारदात का मौका नहीं मिला। इसके बाद आरोपियों ने दोबारा टैक्सी नोएडा के लिए बुक कर ली।
मारपीट के बाद टैक्सी ड्राइवर की हत्या
पुलिस के अनुसार, रास्ते में मौका मिलते ही आरोपियों ने टैक्सी ड्राइवर श्रीकांत के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद घटना को हादसे का रूप देने के लिए आरोपियों ने वाहन को सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टकराकर क्षतिग्रस्त कर दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।