फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Ajmer News ›   Political Drama in Kekri After Fractured Mandate: RLP Emerges as Kingmaker Will History of Cross-Voting Repeat

खंडित जनादेश के बाद केकड़ी में बड़ा सियासी ड्रामा: आरएलपी बनी किंगमेकर, क्या 2021 की तरह होगी क्रॉस वोटिंग?

Sun, 20 Sep 2026 09:36 AM IST
हिमांशु सिंह बघेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, केकड़ी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, केकड़ी Published by: हिमांशु सिंह बघेल Updated Sun, 20 Sep 2026 09:36 AM IST
सार

केकड़ी नगर पालिका में 40 वार्डों के नतीजों के बाद कांग्रेस के 20, भाजपा के 18 और आरएलपी के 2 पार्षद हैं। अध्यक्ष पद के लिए बहुमत का आंकड़ा 21 है। कांग्रेस प्रत्याशी अनिल मित्तल को एक, जबकि भाजपा प्रत्याशी विनीत चोरड़िया को तीन अतिरिक्त वोट की जरूरत है।

विज्ञापन
Political Drama in Kekri After Fractured Mandate: RLP Emerges as Kingmaker Will History of Cross-Voting Repeat
कांग्रेस प्रत्याशी अनिल मित्तल के साथ आरएलपी पार्षद राजेन्द्र चौधरी - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

केकड़ी में चेयरमैन की कुर्सी पर आरूढ़ होने के लिए दोनों ही दलों की ओर से मशक्कत जोरों पर है। दोनों ही दलों द्वारा बोर्ड बनाने के दावे किए गए हैं। फिलहाल जीते हुए सभी पार्षद अंडरग्राउंड हैं, मगर दिलचस्प चर्चा यह है कि अब कांग्रेस और भाजपा के नेताओं द्वारा अपने-अपने स्तर पर एक-दूसरे के पार्षदों के परिवारों से संपर्क कर उनका समर्थन हासिल करने की जुगत लगाई जा रही है। ऐसे में कल होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक जानकार क्रॉस वोटिंग होने का अंदेशा भी जता रहे हैं।
विज्ञापन


21वें वोट को लेकर जोरदार हलचल
दोनों ही दलों में पार्षदों की बाड़ेबंदी के बीच 21वें वोट को लेकर जोरदार हलचल मची हुई है और केकड़ी नगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर सियासी गणित पर छाई धुंध बरकरार है। नतीजों के बाद कुल 40 वार्डों में से कांग्रेस 20, भाजपा 18 और आरएलपी 2 पार्षदों के साथ खड़ी है। बहुमत के लिए 21 वोट जरूरी हैं। ऐसे में अब पूरा सियासी खेल उस एक वोट के इर्द-गिर्द घूम रहा है, जो किसी भी खेमे को बहुमत के आंकड़े तक पहुंचा सकता है।
विज्ञापन


कांग्रेस को एक और भाजपा को तीन वोट की दरकार
अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने अनिल मित्तल और भाजपा ने विनीत चोरड़िया को प्रत्याशी बनाया है। दोनों ही खेमों के सामने अपने-अपने संख्या बल को 21 तक पहुंचाने की चुनौती है। कांग्रेस के पास 20 पार्षद हैं, इसलिए उसे सिर्फ एक अतिरिक्त वोट की जरूरत है। वहीं भाजपा के पास 18 पार्षद हैं और उसे बहुमत के लिए तीन वोट जुटाने होंगे। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अब अपने-अपने स्तर पर पार्षदों के परिवारों से संपर्क और सांठ-गांठ करने की कवायद शुरू कर दी है। पार्षदों की बाड़ेबंदी के बीच राजनीतिक दलों के सिपहसालारों द्वारा येन-केन-प्रकारेण पार्षदों के परिवारों तक पहुंचकर समर्थन हासिल करने की इस कवायद को लेकर शहर में व्यापक चर्चा है। हालांकि इस तरह की कवायद खुफिया ढंग से चल रही है और पर्देदारी के चलते इन संपर्कों और बातचीत की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। मगर इन चर्चाओं ने अध्यक्ष के चुनाव में क्रॉस वोटिंग की संभावनाओं को जन्म दे दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


21वें वोट का तिलिस्म
पार्षदों की बाड़ेबंदी के बाद दोनों प्रमुख राजनीतिक खेमे अपने-अपने पार्षदों को एकजुट रखने की कोशिश में जुटे हैं। राजनीतिक गलियारों में पार्षदों के संपर्क, मुलाकातों और संभावित समर्थन को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि अभी तक किसी भी खेमे की ओर से यह सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं किया गया है कि उसे 21वां वोट कहां से मिलेगा। दो पार्षद जीतकर किंगमेकर की भूमिका में आई राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने भी अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है, मगर बाड़ेबंदी से निकलकर सामने आ रही तस्वीरों में आरएलपी के पार्षद राजेंद्र चौधरी, कांग्रेस प्रत्याशी अनिल मित्तल के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं। नामांकन के दौरान भी चौधरी की मित्तल के साथ मौजूदगी चर्चा में रही थी। ऐसे में मौजूदा राजनीतिक तस्वीर को देखें तो कांग्रेस के 20 और राजेंद्र चौधरी के साथ आने पर 21 का आंकड़ा बनता दिखाई दे रहा है।

ये भी पढ़ें-  अजमेर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत: माता-पिता और बेटी ने की सामूहिक आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

समर्थन की आस में पार्षदों के घर तक गुहार
अब क्षेत्र में चर्चाएं हैं कि जोड़-तोड़ के लिए सियासी संपर्क केवल पार्षदों तक सीमित नहीं रह गए हैं। राजनीतिक रणनीतिकारों द्वारा पार्षदों के परिवारों तक पहुंचने की कोशिशें की जा रही हैं। इसके पीछे का उद्देश्य समर्थन को लेकर स्थिति स्पष्ट करना और अंतिम समय में किसी भी तरह के राजनीतिक बदलाव को अपने पक्ष में करना है। तरह-तरह की इन चर्चाओं के बीच लब्बोलुआब यह है कि अध्यक्ष पद का वास्तविक फैसला 21 सितंबर को होने वाले मतदान में ही सामने आएगा। जहां कांग्रेस 20, भाजपा 18 व आरएलपी 2 सीटों पर है और बहुमत का जादुई आंकड़ा 21 है। ऐसे में अब सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि किसके पास कितने पार्षद हैं। असली सवाल यह है कि 21 सितंबर को मतदान के समय 21वां वोट किस खेमे के खाते में जाएगा?


2021 के चुनाव में भी हुई क्रॉस वोटिंग
केकड़ी की राजनीतिक चर्चाओं में 2021 का अध्यक्ष चुनाव भी एक बार फिर याद किया जा रहा है। उस समय कांग्रेस के 21, भाजपा के 17 और निर्दलीयों के 2 पार्षद चुने गए थे। अध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस के कमलेश कुमार साहू को 24 वोट मिले थे। उस समय भी क्रॉस वोटिंग की चर्चा जोरों पर हुई थी। इस बार भी फर्क सिर्फ आंकड़ों का नहीं है। इस बार किसी भी दल के पास अपने दम पर बहुमत नहीं है और इसलिए हर एक वोट महत्वपूर्ण हो गया है।

मित्तल के पार्टी बदलने से शुरू हुआ था चुनावी रण
चुनाव से ठीक पहले पूर्व पालिका अध्यक्ष अनिल मित्तल भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए और उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर वार्ड 25 से चुनाव लड़ा और 294 मतों से जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस की ओर से पूरे चुनाव की कमान संभाली। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व कैबिनेट मंत्री रघु शर्मा भी सक्रिय रहे, जबकि भाजपा की ओर से क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम ने मोर्चा संभाला। भाजपा की ओर से विनीत चोरड़िया को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया गया। विनीत चोरड़िया ने पहली बार राजनीति में कदम रखा और वे वार्ड 37 से चुनाव लड़कर 73 वोटों से जीते। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों खेमों के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी खूब हुए। विकास, जिला बहाली और नगर पालिका के कामकाज से लेकर स्थानीय नेतृत्व तक कई मुद्दे चुनावी सभाओं में उठे। केकड़ी के मतदाताओं ने तो अपना जनादेश दे दिया, लेकिन अध्यक्ष पद का मतदान अभी बाकी है। केकड़ी नगर पालिका के अध्यक्ष पद की कुर्सी के लिए सियासी चक्रव्यूह अब अंतिम दौर में है। बाड़ेबंदी के बीच पार्षदों से लेकर उनके परिवारजनों से संपर्क करने की चर्चाओं ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed