कृषि विधेयक का विरोध: पटियाला में निकाला झंडा मार्च, नाभा में रेलवे ट्रैक पर बैठे किसान
पटियाला में गुरुवार को किसानों ने झंडा मार्च निकाल कर लोगों व दुकानदारों से पंजाब बंद का समर्थन करने की अपील की। वहीं नाभा में रेलवे ट्रैक जामा कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इसके अलावा पातड़ां में न्याल बाइपास चौक बंद, समाना में गाजेवास पास भवानीगढ़ रोड जाम किया और सरहिंद रोड पर गांव फग्गनमाजरा पास जाम लगाकर रोष प्रदर्शन किया।
पटियाला शहर में किसानों का झंडा मार्च शेरां वाला गेट से होता हुआ धर्मपुरा बाजार, अनारदाना चौक, किला चौक से पटियाला बस स्टैंड चौक, फव्वारा चौक, सब्जी मंडी, गुड मंडी से होता हुआ दोबारा किला चौक में आकर समाप्त हुआ। किसानों ने शुक्रवार के पंजाब बंद को सफल कराने के लिए दुकानदारों व शहर निवासियों को सहयोग देने की अपील की। मार्च में खास तौर से इंडियन फार्मर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रधान सतनाम सिंह बहिरू, बीकेयू राजेवाल के उप प्रधान अवतार सिंह पेधन, बीकेयू क्रांतिकारी के जिला प्रधान रणजीत सिंह सवाजपुर मौजूद रहे।
यह भी देखें- हमारे चैनल को सब्सक्राइब भी करें-
मुलाजिमों ने किसानों के समर्थन में किया पुतला फूंक प्रदर्शन
पंजाब सबआर्डिनेट सर्विसेज फेडरेशन व दि क्लास फोर्थ गवर्नमेंट इंप्लाइज यूनियन के बैनर तले मुलाजिमों व पेंशनरों ने पटियाला-नाभा रोड पर जल स्रोत विभाग के दफ्तर के आगे पुतला फूंक प्रदर्शन किया। किसानों का समर्थन करते हुए कृषि विधेयकों को वापस लेने की मांग की गई। मुलाजिम नेताओं निर्मल सिंह धालीवाल, सजन सिंह, दर्शन सिंह लुबाना, रणबीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि कोविड की आड़ में केंद्र सरकार लगातार लोक विरोधी फैसले ले रही है, जिसे किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने दिया जाएगा।

किसानों के समर्थन में पीयू बंद रखने का एलान
पंजाबी यूनिवर्सिटी की स्टूडेंट जत्थेबंदियों के अलावा टीचिंग व नान टीचिंग स्टाफ पर आधारित ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने किसानों का समर्थन करते हुए शुक्रवार को यूनिवर्सिटी बंद कराने का एलान किया। पंजाब स्टूडेंट यूनियन (ललकार) के नेता गुरप्रीत सिंह ने कहा कि जत्थेबंदियों की ओर से शुक्रवार सुबह ही यूनिवर्सिटी बंद करा दी जाएगी और गेट पर रोष प्रदर्शन किया जाएगा।

पटियाला में खेती कानून के विरोध में मार्च निकालते किसान।