भिंडरावाला फोटो विवाद: पंजाब ने भी हिमाचल जाने से रोकी बसें, पीआरटीसी ने बीच रास्ते से बसों को वापस बुलाया
मोहाली के खरड़ में हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन (एचआरटीसी) की बस पर हमले की घटना के बाद पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (पीआरटीसी) भी सतर्क हो गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब और हिमाचल प्रदेश में चल रहे विवाद थम नहीं रहा है। मंगलवार शाम को मोहाली के खरड़ में हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन (एचआरटीसी) की बस पर हमले की घटना के बाद पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (पीआरटीसी) भी सतर्क हो गया है। पीआरटीसी अधिकारियों के मुताबिक एहतियात के तौर पर बुधवार को हिमाचल प्रदेश के मनाली, मनीकर्ण और बैजनाथ जाने वाली बसों को बीच रास्ते ही वापस बुला लिया गया। यह चंडीगढ़ व पटियाला डिपुओं की बसें थीं और इनकी संख्या करीब पांच है।
अधिकारियों के मुताबिक हालांकि हिमाचल प्रदेश के बाकी स्टेशनों के लिए आज पीआरटीसी बसों की सर्विस रोजाना की तरह निर्विध्न जारी रखी गई। हालांकि आने वाले दिनों में मनाली, मनीकर्ण और बैजनाथ में पीआरटीसी की बस सेवा रोके जाने का फिलहाल कोई फैसला नहीं लिया गया है। लेकिन अगर जरूरत पड़ी, तो सावधानी के तौर पर इस तरह का फैसला मौके पर ही ले लिया जाएगा।
दो बदमाशों ने किया था हमला
हिमाचल रोडवेज की बस पर हमले की घटना मंगलवार देर शाम लगभग साढ़े छह बजे की है। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर डिपो की बस (एचपी 67 ए-1321) पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर तोड़फोड़ कर दी। इस घटना से बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। बस चंडीगढ़ से हिमाचल के हमीरपुर जा रही थी। हमलावरों ने बस पर ताबड़तोड़ लाठियों से हमला कर शीशे तोड़ दिए। इस घटना के बाद बस यात्री सहम गए।
ऑल्टो कार में आए थे हमलावर, कुराली की तरफ भागे
बस ड्राइवर रवि कुमार और कंडक्टर लवली कुमार ने बताया कि वह चंडीगढ़ से हमीरपुर के लिए शाम 6:00 बजे चंडीगढ़ से रवाना हुए थे। खरड़ बस स्टैंड से सवारियां बैठाने के बाद जैसे ही वह फ्लाईओवर पर चढ़े तो पहले से ही एक ऑल्टो कार वहां खड़ी थी, जिसमें मुंह ढके दो युवकों में से एक युवक कार के बाहर खड़ा था, जबकि दूसरा युवक कार की ड्राइवर सीट पर बैठा था। बाहर खड़े युवक ने बस चालक को इशारा कर रोका और बस के रुकते ही उसने अपने साथ लिए डंडे से बस के अगले दोनों शीशे तोड़ डाले। इसके बाद दोनों युवक कार में सवार होकर कुराली की तरफ भाग निकले।
सीएम सुक्खू ने मुख्यमंत्री मान को किया फोन
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीच हिमाचल रोडवेज बसों पर भिंडरावाला पोस्टर लगाए जाने और बसों पर हमले के मामले में टेलीफोनिक बात हुई है। बीते दिनों हिमाचल में दो पहिया वाहनों पर सवार पंजाबी युवकों द्वारा भिंडरावाले की फोटो और झंडा लगाकर यात्रा करने पर हिमाचल पुलिस की तरफ से की गई कार्रवाई के मुद्दों पर दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों में बात हुई। इस टेलिफोनिक बातचीत में पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने हिमाचल के मुख्यमंत्री सुक्खू को आश्वासन दिलाया कि बीते रोज मोहाली के खरड़ में हिमाचल रोडवेज के बस पर हुए हमले में पुलिस कार्रवाई करेगी। सीएम मान ने उन्हें यह सूचना दी कि पंजाब के डीजीपी गौरव यादव इस मामले को खुद देख रहे हैं। वहीं होशियारपुर की घटना के मामले में दोषियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं हिमाचल के सीएम सुक्खू ने कहा कि पंजाब हमेशा उनके बड़े भाई की भूमिका में रहा है। पंजाब से आने वाले हर यात्रियों का हिमाचल में ध्यान रखा जाएगा। वह पंजाब और पंजाब के लोगों का दिल से आदर और सम्मान करते हैं।