पटियाला। सहायक कमिश्नर (शिकायत) किरण शर्मा ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ सख्त संदेश देते हुए पटियाला जिले में 2020 के आंकड़ों के मुताबिक 1000 लड़कों के मुकाबले 990 लड़कियों ने जन्म लिया। जबकि 2019 में यह दर 964 और वहीं 2018 में 1000 लड़कों के मुकाबले 935 लड़कियों का जन्म हुआ था। इस तरह से नवजात के लिंग अनुपात की दर में पटियाला जिला देश के पहले 10 जिलों में शामिल है, जबकि पंजाब में पहले नंबर पर है। वह अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस मौके पर आयोजित समागम को संबोधित कर रही थीं। इस मौके पर शिक्षा व खेलों के क्षेत्र में विलक्षण प्रतिभा वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही समागम में कंजक पूजा के तौर पर छोटी लड़कियों को सम्मान देने के लिए पूजा भी की गई।
इस मौके किरण शर्मा ने कहा कि लड़कियों को अपनी शक्ति पहचान कर खुद आगे आना चाहिए, क्योंकि अगर हम खुद मजबूत होंगे तो ही समाज तक मजबूत पहुंच बना सकेंगे। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वह अपने लड़कों व लड़कियों में कोई अंतर न करें। दोनों की बराबर परवरिश करें, ताकि लड़कियां भी समाज में सिर ऊंचा करके जी सकें। इस मौके पर जिला परिवार कल्याण अफसर डा. जतिंदर कांसल ने विश्वास दिलाया कि मानव श्रृंखला बनाकर सेहत विभाग में आने वाले सालों में लिंग अनुपात दर को 100 फीसदी से भी आगे लेकर जाएंगे।