कुराली/मोहाली। कुराली बाईपास पर बुधवार देर रात फर्जी एक्साइज विभाग के कर्मचारी बनकर पांच युवकों ने एक ड्राइवर से लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने न केवल नकदी और मोबाइल फोन छीने, बल्कि कंपनी की पिकअप गाड़ी भी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना सिटी कुराली पुलिस ने अज्ञात पांच युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित संदीप कुमार (42) निवासी गांव ललड़ी थाना हरौली जिला ऊना ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह पिछले सात महीनों से मैफ्रो ऑर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड टाहलीवाल की महिंद्रा पिकअप गाड़ी चला रहा है। 24 दिसंबर की रात करीब 10:30 बजे वह कंपनी का सामान लोड कर जीरकपुर व मोहाली से वापस टाहलीवाल जा रहा था। जब वह कुराली बाईपास पर सामान चेक करने के लिए रुका, तभी एक हरियाणा नंबर स्विफ्ट कार उसके पास आकर रुकी।
कार से उतरे पांच युवकों ने खुद को एक्साइज विभाग का कर्मचारी बताते हुए बिल और गाड़ी की जांच करने को कहा। पहचान पत्र मांगने पर आरोपियों ने बहस शुरू कर दी और जबरदस्ती गाड़ी की चाबी छीन ली। इसके बाद संदीप को स्विफ्ट कार में बैठाकर उसके दो मोबाइल फोन और पर्स से करीब 15 हजार रुपये नकद लूट लिए। एक आरोपी उसकी पिकअप गाड़ी चलाकर उनके पीछे-पीछे ले गया।आरोपी खरड़ होते हुए लांडरा रोड के रास्ते गांव नगारी के बाहर पीड़ित को उतारकर गाड़ी सहित फरार हो गए। किसी तरह मेन रोड पर पहुंचकर संदीप ने राहगीरों की मदद से परिवार और कंपनी को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है