फैसला: मोहाली में खत्म हुआ ऑड ईवन, अब खुलेंगी सारी दुकानें, पचास फीसदी स्टाफ के साथ खुलेंगे निजी दफ्तर
कोरोना संक्रमण के केस कम होने के बाद जिला प्रशासन ने व्यापारियों के साथ मीटिंग की थी। इसके बाद सभी दुकानें खोलने का फैसला लिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना की रफ्तार कमजोर पड़ने के साथ ही मोहाली जिला प्रशासन ने दुकानदारों को बड़ी राहत देते हुए ऑड ईवन सिस्टम खत्म कर दिया है। अब सारी दुकानें सुबह पांच बजे से शाम पांच बजे तक खुलेंगी। इतना ही नहीं प्राइवेट आफिस भी पचास फीसदी स्टाफ के साथ खुलेंगे। पहले यह 33 फीसदी स्टाफ के साथ चल रहे थे। यह राहत सोमवार से शुक्रवार तक रहेगी। शुक्रवार शाम से सोमवार सुबह तक वीकेंड लॉकडाउन चलेगा। डीसी गिरीश दियालन ने उम्मीद जताई कि दुकानदार कोविड गाइड लाइन का पालन करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया है कि अगर ऐसे ही कोरोना संक्रमण कम होता गया तो जल्दी ही राज्य सरकार की तरफ से और राहत दी जाएगी। उन्होंने दुकानदारों से सहयोग की अपील की है।
मंगलवार को जिले के सभी व्यापारी संस्थाओं और व्यापार मंडल के नेताओं से डीसी गिरीश दियालन ने मीटिंग की। मीटिंग में एसएसपी सतिंदर सिंह, एडीसी आशिका जैन व तीनों सब डिवीजन के एसडीएम भी मौजूद रहे। व्यापार मंडल के प्रधान विनीत वर्मा ने बताया कि मीटिंग करीब एक घंटे तक चली। मीटिंग में उन्होंने अधिकारियों को बताया कि कोरोना संक्रमण कमजोर पड़ गया है। व्यापारी आपका हर कदम पर साथ दे रहे हैं। ऐसे में व्यापारियों को अब राहत दी जाए। ऑड ईवन सिस्टम को खत्म कर दिया जाए।
उन्होंने वीकेंड में भी दुकानें खोलने की अनुमति मांगी। व्यापारियों की दलील थी कि वीआईपी सिटी के अधिकतर लोग वर्किंग हैं। वे शनिवार और रविवार को ही शॉपिंग के लिए निकलते हैं। जबकि दोनों दिन दुकाने बंद होने से दिक्कत आती है। इसके साथ ही व्यापारियों ने एक मांग यह भी की कि गर्मियां शुरू हो गई हैं। दिन में कोई भी व्यक्ति शॉपिंग के लिए नहीं निकलता है। सुबह पांच से शाम पांच बजे तक यह संभव नहीं है। ऐसे में दुकानों का समय भले ही सुबह थोड़ा लेट कर दिया जाए लेकिन शाम के समय को बढ़ाया जाए। डीसी ने व्यापारियों के सारे तर्क सुने। जिसके बाद उन्होंने साफ किया कि ऑड ईवन वह अपने स्तर पर खत्म कर रहे हैं। जहां तक टाइम बढ़ाने और लॉकडाउन खत्म करने की बात है। इस बारे में राज्य सरकार को पत्र लिखकर भेजेंगे। उन्होंने व्यापारियों से सहयोग की अपील की है।