कुराली। नगर परिषद ने प्रॉपर्टी टैक्स, पानी और सीवरेज के बिल न भरने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। परिषद की टीम ने मंगलवार को आठ डिफॉल्टरों के कनेक्शन काटे। इसके अलावा कई औद्योगिक इकाइयों के मालिकों को बिल जमा करवाने के नोटिस भी जारी किए हैं।
जानकारी के अनुसार अभी तक नगर परिषद का शहरवासियों सहित औद्योगिक इकाइयों पर प्रॉपर्टी टैक्स, पानी और सीवरेज का लगभग 1.25 करोड़ रुपये बकाया है। परिषद की टीम ने जब अशोका मेगा मॉल की संपत्ति सील करने के लिए कार्रवाई शुरू की तो मालिक ने लगभग एक लाख सात हजार की बकाया राशि जमा करवाकर संपत्ति को सील होने से बचाया। परिषद के अधिकारी विकास गुप्ता का कहना है कि बिल जमा न करवाने वाले डिफॉल्टरों की लिस्ट तैयार की जा रही है। बीडीपीओ माजरी की तरफ लगभग 26 लाख रुपये, ईजी-डे की तरफ 8.50 लाख, जसौका फैक्टरी झिंगड़ा रोड की तरफ लगभग 10 लाख और पीके इंडस्ट्री की तरफ लगभग 7.50 लाख रुपये के अलावा मिड्डा केयर अस्पताल पर एक लाख रुपये बकाया है। यदि उक्त डिफाल्टरों ने बकाया राशि जमा नहीं करवाई तो उनकी संपत्तियां सील कर दी जाएंगी। उन्होंने शहरवासियों से बिल की बकाया राशि 31 मार्च से पहले जमा करवाने की अपील की।