{"_id":"69162ba0057a08e93d095219","slug":"ett-teachers-will-meet-with-the-education-secretary-today-with-all-eyes-on-the-81-day-strike-mohali-news-c-71-1-mli1012-135613-2025-11-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Mohali News: आज होगी ईटीटी शिक्षकों की शिक्षा सचिव के साथ बैठक, 81 दिन से चल रहे धरने पर टिकी निगाहें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Mohali News: आज होगी ईटीटी शिक्षकों की शिक्षा सचिव के साथ बैठक, 81 दिन से चल रहे धरने पर टिकी निगाहें
विज्ञापन
विज्ञापन
मोहाली। सेक्टर-62 स्थित डीपीआई ऑफिस के बाहर बेरोजगार ईटीटी शिक्षकों का धरना गुरुवार को 81वें दिन में पहुंच गया। लगातार ठंड बढ़ने के बावजूद शिक्षकों ने मोर्चा संभाले रखा और अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर डटे रहे। बुधवार को कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां का घेराव करने के बाद उनके आंदोलन में एक नया मोड़ आया। दरअसल, गुरुवार शाम को धरना स्थल पर बैठे यूनियन पदाधिकारियों को पंजाब शिक्षा सचिवालय से फोन कॉल आई। फोन पर बताया गया कि शुक्रवार यानी 14 नवंबर को सुबह 10:30 बजे जिला सचिवालय, मोहाली में शिक्षा सचिव अनुदत्त मित्रा के साथ बैठक रखी गई है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि बैठक में मसला हल कर दिया जाएगा।
इस सूचना के बाद शिक्षकों के चेहरों पर उम्मीद की झलक देखने को मिली। इसके बाद यूनियन ने चंडीगढ़ कूच की योजना स्थगित कर दी। यूनियन का कहना है कि यदि शुक्रवार को बैठक में ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वे फिर से सीएम आवास घेराव की तैयारी करेंगे। धरना स्थल पर देर शाम तक शिक्षकों की बैठक जारी रही, जिसमें शुक्रवार को सचिवालय में होने वाली मीटिंग के एजेंडे और प्रतिनिधिमंडल की रूपरेखा तय की गई।
विज्ञापन
भटक रहे हैं अभ्यर्थी
ईटीटी यूनियन के नेताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने सत्ता में आते ही भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का वादा किया था, लेकिन अब तक केवल करीब 2,500 शिक्षकों को ही नियुक्ति मिली है, जबकि लगभग 3,500 उम्मीदवार अब भी नियुक्ति पत्र की प्रतीक्षा में हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती का नोटिफिकेशन वर्ष 2021 में जारी हुआ था और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 2023 के अंत में पूरी कर ली गई थी, लेकिन तब से लेकर अब तक कई योग्य अभ्यर्थी नौकरी के इंतजार में दर-दर भटक रहे हैं।
विज्ञापन