नयागांव। चंडीगढ़ पुलिस में तैनात कांस्टेबल ने शराब के नशे में धुत्त होकर अपने ही दोस्त की गाड़ी पर गोली चला दी। गनीमत रही कि इस दौरान किसी का जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि कार क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस ने सुमित कुमार निवासी नयागांव की शिकायत पर कांस्टेबल सिकंदर बोस निवासी नयागांव के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। इसके बाद आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है। आज उसे अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले में नयागांव पुलिस थाने के एसएचओ सुनील कुमार बताया कि आरोपी की पिस्तौल और गोली का खोल बरामद कर लिया गया है।
नयागांव निवासी सुमित ने पुलिस को बताया कि चंडीगढ़ पुलिस में तैनात कांस्टेबल सिकंदर बोस उसका दोस्त है। बुधवार को वह उससे मिलने के लिए उसके घर नयागांव में आया था। जब वह वहां पहुंचा तो सिकंदर बोस शराब के नशे धुत्त था और उसके साथ उसने किसी बात पर बहसबाजी शुरू कर दी। इसके बाद वह सिकंदर की कार लेकर वहां से निकल आया। कुछ देर बाद सिकंदर ने उसे फोन किया और कहा कि वह जल्द से जल्द कार लेकर वापस आ जाए, नहीं तो इसका अंजाम बुरा होगा। सिकंदर के कहने पर वह तुरंत वापस आ गया। यहां आकर देखा तो घर के बाहर खड़ी उसकी कार का एंटिना और कंडक्टर सीट वाली साइड का शीशा टूटा हुआ था। इस दौरान पता चला कि नशे की हालत में सिंकदर बोस ने उसकी कार पर गोली चला दी थी। जिससे सुमित की कार क्षतिग्रस्त हो गई। सुमित की शिकायत पर नयागांव पुलिस ने मौके से गोली का खोल बरामद कर लिया और आरोपी के कब्जे से पिस्तौल व 8 गोलियां बरामद कर ली हैं।