मोहाली। डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिले में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। डेंगू के पनपने से पहले ही जिले में घर-घर जाकर सर्वे और लार्वा की जांच की जा रही है। अब तक एक लाख 88 हजार से ज्यादा घरों की जांच हो चुकी है। 2,387 घरों में डेंगू मच्छर का लारवा मिला है। विभाग ने 363 लोगों के चालान भी काटे हैं, जिनके घरों में दोबारा लारवा मिला। सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन ने बताया कि जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. अनामिका सोनी और सीनियर मेडिकल अफसरों की निगरानी में इस अभियान को मार्च महीने से ही सक्रिय रूप से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डेंगू से निपटने के लिए इस बार पूरी तैयारी के साथ उतरे हैं। फोकस सिर्फ इलाज पर नहीं, बीमारी को जड़ से रोकने पर है। स्वास्थ्य विभाग की कुल 37 टीमें रोजाना मोहल्लों में घूमकर कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, फ्रिज की ट्रे और खाली पड़े टायरों जैसे उन सभी स्थानों की जांच कर रही हैं, जहां पानी जमा हो सकता है और मच्छर पनप सकते हैं। टीमें हर सोमवार और गुरुवार को हाई-रिस्क इलाकों में विशेष सर्वे भी कर रही हैं। डॉ. जैन ने बताया कि इस दौरान अब तक पांच लाख 83 हजार से अधिक कंटेनरों की जांच की गई, जिनमें 2 हजार 862 कंटेनरों में लार्वा मिला। पहली बार लार्वा मिलने पर मकान मालिक को चेतावनी दी जाती है और दोबारा मिलने पर चालान किया जाता है।