मोहाली। सेक्टर-65 स्थित इन्फैंट जीसस कॉन्वेंट स्कूल में स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से राष्ट्रीय उत्तर क्षेत्र स्कूल बैंड प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। इनका उद्घाटन निदेशक शिक्षा विभाग संजीव शर्मा ने शमा रोशन कर किया। पहले दिन लड़कों की प्रतियोगिताएं हुईं। इनमें से पाइप बैंड प्रतियोगिता में महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल नई दिल्ली की टीम विजयी रही जबकि ब्रास बैंड प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल हमीरपुर की टीम चैंपियन रही। पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. गिन्नी दुग्गल और अन्य ने विजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। 14 दिसंबर को लड़कियों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ विभिन्न गतिविधियों में अधिक सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। सहायक निदेशक एससीईआरटी श्रुति शुक्ला ने बताया कि इन बैंड प्रतियोगिताओं के पहले दिन लड़कियों की प्रतियोगिता करवाई गई। उत्तरी क्षेत्र के दस राज्यों और पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, लद्दाख, दिल्ली सहित केंद्र शासित प्रदेशों की पाइप बैंड और ब्रास बैंड टीमें भाग ले रही हैं। इस अवसर पर उप जिला शिक्षा अधिकारी अंग्रेज सिंह, जिला खेल समन्वयक इंदु बाला, नोडल अधिकारी गुरवीर कौर, शिक्षा विभाग के अधिकारी, टीमों के साथ आए प्रभारी और विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल और अन्य लोग उपस्थित थे।